K. Durga Rao.
सरायकेला। आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 17 स्थित प्रभात पार्क में तेजस्विनी महिला संगठन की ओर से भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं झामुमो नेता प्रो. कालीपद सोरेन उर्फ के.पी. सोरेन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रगीत और इसके बाद राष्ट्रगान हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. के.पी. सोरेन ने तेजस्विनी महिला संगठन द्वारा सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने संगठन की अध्यक्ष सह स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के साथ जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए सामाजिक संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने संगठन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्कूली बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। आयोजन के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनके बेहतर भविष्य के लिए सहयोग का संदेश दिया गया।
संगठन की अध्यक्ष नीतू शर्मा ने कहा कि तेजस्विनी महिला संगठन महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों और बच्चों की सहायता के लिए लगातार कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक सहयोग पहुंचाना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में तेजस्विनी महिला संगठन की सदस्याओं के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं बच्चे मौजूद रहे। समारोह देशभक्ति और सामाजिक सरोकार की भावना के साथ संपन्न हुआ।


