Campus Boom.
समाजसेवा से जुड़े रहे स्वर्गीय सुभोदीप मंडल (बप्पा) की प्रथम पुण्यतिथि एवं गौण योगिनी एकादशी के अवसर पर टीम पीएसएफ (प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन) की ओर से विशेष एसडीपी रक्तदान अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चार एसडीपी रक्तदान किए गए, जिसके साथ ही टीम पीएसएफ ने अपने अभियान का 1862वां एसडीपी रक्तदान पूरा कर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
अभियान के दौरान टाटा स्टील में कार्यरत बी. शेशा गिरी ने अपना 75वां रक्तदान कर समाज के प्रति सेवा और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं धीप्रम चंदा, मोहम्मद दानिश तथा शतकवीर रक्तदाता अवधेश कुमार वर्मा ने भी एसडीपी रक्तदान कर स्वर्गीय सुभोदीप मंडल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
रक्तदान के उपरांत सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। बी. शेशा गिरी को उनकी 75वीं रक्तदान उपलब्धि पर उनकी धर्मपत्नी बी. सुमन ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक स्पर्श दिया।
इस अवसर पर बी. अन्ना राव, बी. सुमन, जमशेदपुर ब्लड सेंटर के महाप्रबंधक संजय चौधरी, डॉ. लव बहादुर सिंह, डॉ. पुष्पा तिवारी, डॉ. निर्जला झा, तकनीशियन सुभोजीत मजुमदार, टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, रविशंकर तथा कुमारेस हाजरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
टीम पीएसएफ के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था जरूरतमंद मरीजों को समय पर एसडीपी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार रक्तदान अभियान चला रही है और भविष्य में भी यह सेवा अभियान इसी प्रकार जारी रहेगा।


