Campus Boom.
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती तथा पद्म विभूषण से सम्मानित उद्योगपति धीरूभाई अंबानी की पुण्यतिथि के अवसर पर टीम पीएसएफ ने विशेष एसडीपी (Single Donor Platelet) एवं स्वैच्छिक रक्तदान अभियान का आयोजन किया। इस अवसर पर टीम ने अपना 1858वां एसडीपी रक्तदान सफलतापूर्वक पूरा किया, जिससे अस्पतालों में भर्ती गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों को जीवनदायी प्लेटलेट्स उपलब्ध कराए गए।
टीम पीएसएफ ने बताया कि यह अभियान देश के प्रख्यात शिक्षाविद, अधिवक्ता, कोलकाता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा देश के अग्रणी उद्योगपति एवं पद्म विभूषण से सम्मानित धीरूभाई अंबानी की स्मृति को समर्पित था।
अभियान के दौरान शतकवीर रक्तदाता कुमारेस हाजरा एवं रवि शंकर ने एसडीपी रक्तदान कर इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी सहभागिता निभाई। इनके योगदान से टीम पीएसएफ ने 1858वें एसडीपी रक्तदान का महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया।
रक्तदान के उपरांत दोनों रक्तवीरों को प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉ. लव बहादुर सिंह, डॉ. पुष्पा तिवारी, तकनीशियन अनुप कुमार श्रीवास्तव तथा टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, उत्तम कुमार गोराई एवं मनोरंजन गौड़ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
टीम पीएसएफ ने कहा कि एसडीपी रक्तदान के माध्यम से गंभीर मरीजों को समय पर प्लेटलेट्स उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।


