Campus Boom.
सावन माह के आठवें दिन टीम पीएसएफ (प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन) ने पिछले 18 वर्षों से बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों की निस्वार्थ सेवा में जुटे ओम कांवरिया सेवा संघ के प्रमुख पप्पू सिंह को ‘जय महाकाल सेवा गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने बताया कि संस्था प्रतिवर्ष बाबाधाम मार्ग पर सुईयां पहाड़ के समीप ओम कांवरिया सेवा संघ द्वारा संचालित निशुल्क सेवा शिविर में प्राथमिक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराती है। इसी क्रम में इस वर्ष भी फर्स्ट एड सामग्री की पहली खेप शिविर के लिए समर्पित की गई।
प्रदान की गई सामग्री में बैंडेज, कॉटन, बेटाडीन, बैंड-एड, दर्द निवारक स्प्रे, आवश्यक दवाइयां तथा अन्य प्राथमिक उपचार से संबंधित सामग्री शामिल है, जिसका उपयोग यात्रा के दौरान घायल या अस्वस्थ होने वाले कांवरियों की सेवा में किया जाएगा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पिछले 18 वर्षों से ओम कांवरिया सेवा संघ द्वारा बिना किसी भेदभाव के श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है। संस्था की यह सेवा-भावना समाज के लिए प्रेरणादायी है और इसी योगदान के सम्मान स्वरूप पप्पू सिंह को ‘जय महाकाल सेवा गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में संजय चौधरी, टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, दीपक कुमार मित्रा, भास्कर कुंडू, कुमारेस हाजरा, किशोर साहू, दीप सेन, निखिल मंडल, पुलक कुमार सेनगुप्ता, सौरभ चटर्जी, डॉ. राजीव लोचन महतो, शुभेंदु मुखर्जी, गौतम कुमार एवं अनिल प्रसाद सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


