Campus Boom.
टाटा स्टील यूआईएसएल (टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड) ने शहर में ठोस कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देते हुए ‘प्रकृति स्नेह’ नामक प्रीमियम ऑर्गेनिक सिटी कम्पोस्ट लॉन्च किया है। “सोचना अच्छा है, करना और बेहतर है” थीम के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य शहर के जैविक कचरे को उपयोगी खाद में परिवर्तित कर सतत विकास को बढ़ावा देना है।
बेलडीह क्लब में आयोजित कार्यक्रम में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदरा रामम ने उत्पाद का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर, सुमिता नुपुर, मीडिया प्रतिनिधि, ग्रीन एम्बेसडर एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बताया गया कि जमशेदपुर में प्रतिदिन लगभग 300 टन ठोस कचरा उत्पन्न होता है। टाटा स्टील यूआईएसएल इस कचरे के जैविक हिस्से को वैज्ञानिक प्रक्रिया के माध्यम से प्रोसेस कर उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद में परिवर्तित कर रहा है। यह खाद मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के साथ-साथ शहरी बागवानी, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अपने संबोधन में डी. बी. सुंदरा रामम ने कहा कि स्वच्छ और हरित शहर के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘प्रकृति स्नेह’ जैसी पहलें कचरे को बोझ नहीं, बल्कि मूल्यवान संसाधन के रूप में देखने की सोच को बढ़ावा देती हैं।
‘प्रकृति स्नेह’ कम्पोस्ट फिलहाल विशेष प्रारंभिक कीमत 10 रुपये प्रति किलोग्राम पर उपलब्ध कराया गया है, जबकि इसकी अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) 20 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित की गई है। यह उत्पाद नॉर्दर्न टाउन, रामदास भट्टा, बारीडीह, कसीडीह और बर्मामाइंस स्थित टाटा स्टील यूआईएसएल डिपो में उपलब्ध है। कमांड एरिया के निवासी 0657-6646000 पर संपर्क कर 48 घंटे के भीतर होम डिलीवरी की सुविधा भी प्राप्त कर सकते हैं। कंपनी जल्द ही इस उत्पाद को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिगबास्केट पर भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक हरित संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी ने “मेरा शहर, मेरा अभिमान; हरित जमशेदपुर, हमारी पहचान” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।


