Campus Boom.
टाटा स्टील फाउंडेशन ने सामुदायिक डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ई-डिजिटल इंडिया स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट को सोनारी कम्युनिटी सेंटर में डिजिटल जागरूकता सत्र आयोजित करने की आधिकारिक अनुमति प्रदान की है। यह कार्यक्रम 22 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे आयोजित होगा। अनुमति पत्र टाटा स्टील फाउंडेशन के जमशेदपुर इम्पैक्ट क्लस्टर की ओर से जारी किया गया है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जिम्मेदार एवं नैतिक उपयोग, साइबर सुरक्षा, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा फिशिंग, ओटीपी, यूपीआई फ्रॉड और अन्य ऑनलाइन साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
ई-डिजिटल इंडिया के संस्थापक रामकृष्ण ठाकुर ने कहा कि तेजी से बढ़ती डिजिटल दुनिया में प्रत्येक नागरिक के लिए साइबर सुरक्षा और एआई के सही उपयोग की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह जागरूकता अभियान लोगों को डिजिटल तकनीकों का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग करने के लिए प्रेरित करेगा तथा साइबर ठगी जैसी घटनाओं से बचाव में सहायक होगा।
टाटा स्टील फाउंडेशन ने जारी अनुमति पत्र में कार्यक्रम के सफल एवं अनुशासित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त करते हुए आयोजकों से सामुदायिक केंद्र की स्वच्छता बनाए रखने और परिसर के सभी नियमों का पालन करने का अनुरोध किया है। साथ ही डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में ई-डिजिटल इंडिया द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की है।


