Campus Boom.
विवेक विद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा आयोजित जागरूकता रैली कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें विद्यार्थियों ने लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
रैली में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थी तथा विद्यालय की सेफ्टी स्क्वाड ने सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली विद्यालय परिसर से निकलकर आसपास के क्षेत्रों तक पहुंची, जहां छात्रों ने “पेड़ लगाओ, पृथ्वी बचाओ”, “जल है तो कल है” और “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। विद्यार्थियों के उत्साह ने स्थानीय नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर पृथ्वी को प्रदूषण मुक्त बनाने, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया।
इसके पश्चात प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुत कर प्रकृति और स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया, वहीं मध्य वर्ग के विद्यार्थियों ने लघुनाटिका के माध्यम से जल संकट, वनों की कटाई और प्रदूषण के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से दर्शाया।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण पौधा वितरण अभियान रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने स्थानीय निवासियों को पौधे वितरित कर वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया। इस पहल की लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण, बिजली की बचत, स्वच्छता और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्राचार्य ने विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को धन्यवाद दिया।नारों, नृत्य, लघुनाटिका और पौधा वितरण के जरिए पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


