Campus Boom.
जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए विद्यार्थी सीनेट का गठन गरिमामय शपथ ग्रहण एवं पदस्थापना समारोह के माध्यम से किया गया। नवनिर्वाचित विद्यार्थियों को पद के बैज, शैश एवं फ्लैग प्रदान किए गए और उन्हें पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई गई।
रितेश कुमार बने स्कूल कैप्टन
सत्र 2026–27 के लिए रितेश कुमार को स्कूल कैप्टन और दीपिका झा को स्कूल वाइस कैप्टन चुना गया। वहीं हितेश कुमार को हेड बॉय तथा कनिष्का पाठक को हेड गर्ल की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी चयनित विद्यार्थी कक्षा नौवीं एवं ग्यारहवीं के हैं।
चारों सदनों की कमान विद्यार्थियों को
रेड हाउस कैप्टन पुनीत बेरा, येलो हाउस कैप्टन सुहाना कुमारी, ब्लू हाउस कैप्टन अदिति कुमारी और ग्रीन हाउस कैप्टन कृष राज चुने गए। वहीं सीसीए कैप्टन के रूप में अध्यन शर्मा का चयन किया गया।
ईमानदारी और अनुशासन के साथ जिम्मेदारी निभाने की शपथ
शपथ ग्रहण के दौरान विद्यार्थियों ने ईमानदारी, अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। नवनिर्वाचित विद्यार्थी नेताओं ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा साथी विद्यार्थियों के हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
नेतृत्व का अर्थ सेवा और जिम्मेदारी : प्राचार्य
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि नेतृत्व केवल किसी पद को धारण करने का नाम नहीं, बल्कि सेवा, जिम्मेदारी और अनुकरणीय आचरण का दायित्व है। विद्यार्थी नेताओं को अपने कार्यों और व्यवहार से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनना चाहिए।
शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका
नवगठित विद्यार्थी सीनेट विद्यालय प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देगी। सीनेट शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, सह-पाठ्यचर्या एवं सामाजिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में पहल
समारोह के माध्यम से विद्यालय ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, चरित्र, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विद्यालय प्रबंधन ने नवनिर्वाचित विद्यार्थी नेताओं के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।


