Campus Boom.
छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में सोमवार को सुरक्षा जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ उत्साह एवं जागरूकता के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए प्रत्येक परिस्थिति में सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा विषय पर एक प्रभावशाली स्किट प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यातायात नियमों के पालन, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा सड़क पार करते समय सावधानी बरतने का प्रेरणादायक संदेश दिया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सुरक्षा शपथ ग्रहण कर अपने दैनिक जीवन में सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
“सुरक्षा केवल एक नियम नहीं, बल्कि जीवन जीने का संस्कार है। यदि प्रत्येक व्यक्ति सड़क सुरक्षा एवं अन्य सुरक्षा नियमों का ईमानदारी से पालन करे, तो अनेक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। विद्यार्थियों के माध्यम से सुरक्षा का यह संदेश समाज के हर घर तक पहुँचे, यही हमारी कामना है।”
अवधेश सिंह, प्राचार्य, विवेक विद्यालय.
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने सुरक्षा को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प दोहराया।


