Rina Kumari.
Campus Boom की विशेष श्रृंखला Change Maker of Society के दूसरी कड़ी में आज पढ़े डिमना के रहने वाले रिषिराज स्वईं की कहानी जो अपने प्रयासों से समाज में बदलाव लाने का काम कर रहे हैं। रिषिराज सामाजिक संस्था Pepole for Change के साथ जुड़ कर काम कर रहे हैं।
डिमना निवासी रिषिराज स्वईं आज शहर के उन युवाओं में शामिल हैं, जो अपनी पढ़ाई के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। करीम सिटी कॉलेज से बी.कॉम की पढ़ाई कर रहे रिषिराज ने सामाजिक कार्यों के प्रति अपने समर्पण और सक्रियता से एक अलग पहचान बनाई है।
कॉलेज से शुरू हुआ समाजसेवा का सफर
रिषिराज ने अपने कॉलेज जीवन की शुरुआत से ही सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना शुरू कर दिया था। National Service Scheme (NSS), SPARC और कॉलेज के वुमेन सेल जैसे प्लेटफॉर्म से जुड़कर उन्होंने लोगों के बीच काम करना और उनकी समस्याओं को समझना सीखा। बचपन से ही आसपास की समस्याओं—जैसे जागरूकता की कमी और सेवाओं तक सीमित पहुँच—ने उन्हें समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा दी।
ADIR फेलोशिप से मिला नया मंच
रिषिराज को ADIR Fellowship से जुड़ने का अवसर मिला, जिसने उनके कार्य को नई दिशा दी। अगस्त से अप्रैल तक चले इस सफर में उन्होंने जमीनी स्तर पर काम करते हुए समुदाय के साथ गहरा जुड़ाव बनाया।
शुरुआत में लोगों का भरोसा जीतना आसान नहीं था, लेकिन लगातार प्रयास, संवाद और सामुदायिक सहयोग के जरिए उन्होंने अपनी पहचान बनाई और लोगों की वास्तविक जरूरतों को समझा।
ह्यूम पाइप छाया में किया प्रभावी कार्य
रिषिराज ने ह्यूम पाइप छाया क्षेत्र को अपने कार्य का केंद्र बनाया, जहाँ दैनिक मजदूरों और युवाओं को सरकारी योजनाओं, दस्तावेज़ों और मूलभूत सेवाओं तक पहुँच में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने जागरूकता सत्र, डॉक्यूमेंटेशन कैंप और सामुदायिक बैठकों का आयोजन किया तथा स्थानीय लोगों और नेताओं के साथ मिलकर अपने कार्य का विस्तार किया।
374 से अधिक लोगों को मिला लाभ
अपने एक्शन प्रोजेक्ट के तहत रिषिराज ने ABHA कार्ड और आयुष्मान कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज़ बनवाने पर जोर दिया। रिषिराज अब तक 374 लाभार्थियों का 240 ABHA कार्ड, 134 आयुष्मान कार्ड बनवा चुके हैं। 450 से ज्यादा लोगों तक सीधी पहुँच बनाने में सफल हुए है। उनके इस प्रयास से कई परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सका।
सीखा नेतृत्व और आत्मविश्वास
इस पूरी यात्रा ने रिषिराज को न केवल समाजसेवा का अनुभव दिया, बल्कि नेतृत्व, संचार और समस्या समाधान जैसे महत्वपूर्ण कौशल भी सिखाए। उनकी पब्लिक स्पीकिंग और निर्णय लेने की क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ।
सामूहिक प्रयास से आया बदलाव
रिषिराज के साथ जुड़े “चेंजमेकर्स” ने भी इस पहल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जागरूकता फैलाने, कार्यक्रम आयोजित करने और अधिक लोगों तक पहुँच बनाने में सहयोग किया, जिससे सामुदायिक भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़े।
भविष्य की योजना
ADIR फेलोशिप के बाद भी रिषिराज अपने कार्य को जारी रखना चाहते हैं। उनका लक्ष्य युवाओं को सशक्त बनाना, कौशल विकास को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाना है।
वे कहते हैं,
“मैं चाहता हूँ कि लोग जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनें, ताकि वे अपने फैसले खुद ले सकें और किसी पर निर्भर न रहें।”
रिषिराज स्वईं
प्रेरणा बनते युवा
रिषिराज स्वैन जैसे युवा यह साबित कर रहे हैं कि अगर नीयत साफ हो और प्रयास लगातार हो, तो समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। उनका यह प्रयास न केवल लोगों को सुविधाओं से जोड़ रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की राह भी दिखा रहा है।


