के. दुर्गा राव। चांडिल
चांडिल। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई), पटना की ओर से इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग एवं भारतीय मुद्रा प्रणाली विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन आरबीआई पटना के क्षेत्रीय निदेशक सुजीत कुमार अरविंद ने किया।
कार्यक्रम में आरबीआई पटना के संजीन कुमार, उप महाप्रबंधक, प्रिय प्रकाश, सहायक महाप्रबंधक तथा सरायकेला-खरसावां के एलडीएम करुण कुमार चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय समावेशन का आधार बताया
क्षेत्रीय निदेशक सुजीत कुमार अरविंद ने स्वयं सहायता समूहों को ग्रामीण वित्तीय समावेशन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए महिलाओं को बैंकिंग, बचत और डिजिटल माध्यमों के जरिए आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में डिजिटल लेनदेन के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बेहद जरूरी है।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को ओटीपी, पिन और बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले साइबर ठगों और फर्जी संदेशों से सावधान रहने को कहा। डिजिटल लेनदेन में सतर्कता बरतने और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के विभिन्न उपायों की भी जानकारी दी गई।
एनईएफटी, आरटीजीएस, आईएमपीएस और यूपीआई की दी जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में आरबीआई के अधिकारियों ने इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग एवं भारतीय मुद्रा प्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया। प्रतिभागियों को इंटरनेट बैंकिंग, एनईएफटी, आरटीजीएस, आईएमपीएस और यूपीआई जैसे इलेक्ट्रॉनिक भुगतान माध्यमों के उपयोग की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने व्यापारियों को भुगतान, धनराशि हस्तांतरण और उपयोगिता बिलों के भुगतान में यूपीआई के सुरक्षित एवं सरल उपयोग के उदाहरण भी साझा किए। साइबर धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
प्रशिक्षणार्थियों को फर्जी एवं संदिग्ध प्रस्तावों से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध संदेश, फोन कॉल या लेनदेन की स्थिति में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। इसके अलावा आरबीआई रिटेल डायरेक्ट योजना की भी जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश किया जा सकता है।
सवालों का अधिकारियों ने किया समाधान
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। इसमें आरबीआई के प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों की डिजिटल बैंकिंग, इलेक्ट्रॉनिक भुगतान और सामान्य बैंकिंग जागरूकता से संबंधित शंकाओं का समाधान किया।
आरबीआई अधिकारियों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक देश की मौद्रिक एवं वित्तीय प्रणाली को विनियमित करने के साथ-साथ वित्तीय साक्षरता और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों ने सक्रियता से हिस्सा लिया और डिजिटल भुगतान एवं बैंकिंग सेवाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।






