Campus Boom.
जमशेदपुर यूथ इवेंट्स के तत्वावधान में सीतारामडेरा गुरुद्वारा के निकट तुरी समाज भवन प्रांगण में आयोजित होली महोत्सव “रंग बरसे जमशेदपुर 2026” उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर के युवाओं, महिलाओं तथा विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
आयोजन की विशेषता यह रही कि समिति द्वारा पूर्व घोषणा के अनुरूप नशापान और अश्लील गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण पारिवारिक और सुरक्षित बना रहा। प्राकृतिक रंगों, पारंपरिक होली गीतों और ठंडाई ने उत्सव को सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जमशेदपुर पूर्वी की विधायिका पूर्णिमा साहू एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर लीयो क्लब की सदस्य श्रद्धा, खुशी और स्वाति ने अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने मुख्य अतिथि को तुलसी पौधा, अंगवस्त्र और सम्मान प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में पूर्णिमा साहू ने कहा कि वर्तमान समय में बिना अश्लील गानों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन आयोजन समिति ने होली की पारंपरिक संस्कृति को संरक्षित करने का सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने इसे युवाओं के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल बताया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में चंचल भाटिया, सेलविला के संचालक अमित कुमार सिंह, रजनी सिंह, बबीता, सामाजिक संस्था आरंभ से दिव्या सिंह, कुमार कुणाल, श्वेता झा, रामकृष्ण ठाकुर, समाजसेविका मुनमुन चक्रवर्ती तथा तुरी समाज अध्यक्ष मनीष कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महोत्सव के दौरान होली कॉस्ट्यूम एवं डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को सेला विला एवं वुड फर्नीचर की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि कार्यक्रम से प्राप्त प्रवेश शुल्क की सहायतार्थ राशि गीता थिएटर द्वारा गांधी आश्रम में निवासरत कुष्ठ पीड़ित परिवारों के वंचित बच्चों के लिए आयोजित विशेष समर कैंप को समर्पित की जाएगी। इस कैंप के माध्यम से बच्चों को कला-सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़कर सकारात्मक जीवन मूल्यों और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया जाता है।
कार्यक्रम की सफलता में ई-डिजिटल इंस्टिट्यूट, गीता थिएटर, लीयो क्लब जमशेदपुर, आरंभ संस्था, सेल विला, वुड फर्नीचर, संपूर्ण आश्रय, हिन्द आईटीआई और सुंदरम एनजीओ सहित कई संगठनों का सहयोग रहा। अंत में आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


