Campuus Boom.
जमशेदपुर के कदमा स्थित प्रभु जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं संस्कृति केंद्र के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कार्यक्रम के उपरांत पोटका के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं से आत्मीय मुलाकात की।
राष्ट्रपति ने छात्राओं से संथाली भाषा में बातचीत करते हुए उनका हालचाल जाना तथा उनसे भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करने, आत्मनिर्भर बनने और जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ने छात्राओं को आशीर्वाद भी प्रदान किया, जिससे छात्राएं काफी उत्साहित और भावुक दिखीं।
इस अवसर पर छात्राओं के एक समूह ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक विशेष पेंटिंग भेंट की। पेंटिंग में झारखंड आंदोलन के नेता स्व. शिबू सोरेन को कल्पना सोरेन के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद देते हुए दर्शाया गया है, वहीं साथ में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी माता रूपी सोरेन को बैठा हुआ दिखाया गया है।
पेंटिंग को देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो उठे और छात्राओं की कला एवं भावनाओं की सराहना की। उन्होंने पेंटिंग की प्रशंसा करते हुए निकट भविष्य में पोटका स्थित विद्यालय आने का आश्वासन भी दिया।
विद्यालय की शिक्षिका ज्योति सागर के नेतृत्व में छात्रा रीना भगत, सबिता सरदार, दीपाली सरदार, लिली रानी मंडल ने मुलाक़ात की. राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री से मुलाकात तथा आशीर्वाद प्राप्त कर छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए इसे अपने जीवन का यादगार क्षण बताया।



