Campus Boom.
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के आर्ट एंड कल्चरल सेल एवं हिन्दी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर “प्रेमचंद : साहित्य, समाज और समकाल” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा मुंशी प्रेमचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में करीम सिटी कॉलेज के हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. सुभाष गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक प्रो. अहमद बद्र उपस्थित थे। विषय प्रवेश हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन राकेश ने कराया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. कृष्णा प्यारे ने कहा कि प्रेमचंद ने अपने साहित्य के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों, रूढ़ियों और सामाजिक विषमताओं पर सशक्त प्रहार किया। उन्होंने कहा कि लगभग सौ वर्ष पूर्व लिखा गया प्रेमचंद का साहित्य आज भी उतना ही प्रासंगिक है, क्योंकि उस दौर की अनेक समस्याएँ आज भी समाज में मौजूद हैं। उन्होंने प्रेमचंद के साहित्य को आदर्श जीवन का मार्गदर्शक बताया।
कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. अंतरा कुमारी ने प्रेमचंद की कहानियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी रचनाएँ भारतीय परिवार, समाज और संस्कृति के मूल्यों को सशक्त रूप से प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने विशेष रूप से कहानी ‘बड़े घर की बेटी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका पात्र आनंदी पारिवारिक एकता और सामाजिक समरसता का प्रेरक उदाहरण है।
विषय प्रवेश कराते हुए डॉ. राजीव रंजन राकेश ने कहा कि प्रेमचंद ने हिन्दी साहित्य को कल्पनालोक से निकालकर यथार्थ की धरती पर स्थापित किया। उन्होंने किसानों, मजदूरों और आम जनजीवन की पीड़ा को साहित्य के केंद्र में लाकर हिन्दी कथा साहित्य को नई दिशा दी।
विशिष्ट अतिथि प्रो. अहमद बद्र ने कहा कि प्रेमचंद का साहित्य भारतीय समाज का जीवंत दस्तावेज है। उनकी रचनाओं में सामाजिक न्याय, समानता और मानवीय संवेदनाओं का संदेश निहित है। उन्होंने कहा कि भारत को समझने के लिए प्रेमचंद को पढ़ना आवश्यक है। उनकी कहानियाँ आज भी सामाजिक चुनौतियों के समाधान की दिशा दिखाती हैं।
मुख्य वक्ता डॉ. सुभाष गुप्ता ने कहा कि बदलते सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेश में प्रेमचंद का साहित्य पहले से अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद ने विश्व बंधुत्व, समानता, मानवीय मूल्यों और सामाजिक न्याय की जिस विचारधारा को अपने साहित्य में स्थान दिया, वही आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा के बाजारीकरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा सभी के लिए सहज और सुलभ होनी चाहिए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए मुंशी प्रेमचंद के जीवन, साहित्य एवं कालजयी रचनाओं पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सबिता पॉल ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डॉ. एस. खान, डॉ. दुर्गा तमसोय, डॉ. अंशु श्रीवास्तव, डॉ. पुष्पा सिंह, शोभा देवी, डॉ. राजू ओझा, डॉ. स्वाति सोरेन, डॉ. प्रकाश सरकार, डॉ. श्वेता शर्मा, डॉ. पुष्पा तिवारी, डॉ. अनुपम सिंह, डॉ. अनिता कुमारी, डॉ. शालिनी शर्मा, डॉ. संजय नाथ, प्रो. स्वरूप कुमार मिश्रा एवं प्रो. अमित जाना सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों में लक्ष्मण गोराई, आशीष चौधरी, माधुरी कुमारी, जयश्री महतो, श्रुति कुमारी, रोशनी कुजूर, रिया गुप्ता, पूजा कुमारी, अजय महाकुड एवं खुशबू पोद्दार ने सक्रिय सहभागिता निभाई।


