– हर साल 17 लाख मौतें, औसत उम्र 3.5 साल घटी
– विटामिन-डी की कमी और जीवनशैली भी बड़ी वजह
Campus Boom.
पर्यावरणीय प्रदूषण आज भारत के लिए किसी भी आर्थिक युद्ध से कहीं बड़ा खतरा बन चुका है। प्रदूषण के कारण देश में हर साल करीब 17 लाख लोगों की असमय मौत हो रही है और औसत जीवन प्रत्याशा में 3.5 वर्ष की गिरावट दर्ज की गई है। यह गंभीर चेतावनी पर्यावरण म्यूटाजेन सोसाइटी ऑफ इंडिया (ईएमएसआई) की 48वीं वार्षिक बैठक एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा एवं तकनीकी निदेशक (झारखंड, रांची) सुनील कुमार ने दी। मुख्य अतिथि ने विश्व आर्थिक मंच, दावोस में हार्वर्ड विश्वविद्यालय की अर्थशास्त्री और आईएमएफ की पूर्व मुख्य अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ के बयान का हवाला देते हुए कहा कि अनियंत्रित प्रदूषण भारत की अर्थव्यवस्था के लिए व्यापारिक प्रतिबंधों से भी अधिक खतरनाक साबित हो सकता है।
उन्होंने वर्ल्ड एयर क्वालिटी रिपोर्ट–2023 का उल्लेख करते हुए बताया कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में से 83 भारत में हैं। देश की 1.4 अरब आबादी ऐसे इलाकों में रह रही है, जहां पीएम-2.5 का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन की सीमा से कई गुना अधिक है। भारत में मानक को बढ़ाकर 40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर कर देने के बावजूद 46 प्रतिशत आबादी प्रदूषित हवा में सांस ले रही है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रदूषण का सीधा असर मानव स्वास्थ्य और आनुवंशिक संरचना पर पड़ रहा है। प्रदूषण के कारण शरीर की डीएनए मरम्मत प्रणाली कमजोर पड़ती है, जिससे कैंसर, हृदय रोग, श्वसन रोग और बांझपन जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। दिल्ली जैसे शहरों में प्रदूषण के कारण लोगों की जीवन प्रत्याशा लगभग 8 वर्ष तक कम हो चुकी है।
सम्मेलन में जीवनशैली से जुड़े जोखिमों पर भी चिंता जताई गई। मुख्य अतिथि ने कहा कि भरपूर धूप वाले देश में रहने के बावजूद भारत में अधिकांश लोग विटामिन-डी की कमी से ग्रस्त हैं। उनके अनुसार, जांच कराने पर लगभग 90 प्रतिशत लोग विटामिन-डी की कमी वाले पाए जा सकते हैं, जबकि यह विटामिन कैंसर के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने इंटरमिटेंट फास्टिंग को स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि रोजाना 10 से 12 घंटे का उपवास शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करता है और कई बीमारियों के जोखिम को घटाता है। साथ ही उन्होंने अत्यधिक चीनी सेवन को कम करने और संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी।
मुख्य अतिथि ने कहा कि मोबाइल, टीवी और इंटरनेट के अत्यधिक उपयोग के कारण लोग नींद की गंभीर कमी का शिकार हो रहे हैं, जबकि 7 से 8 घंटे की गुणवत्तापूर्ण नींद तनाव घटाने, हार्मोन संतुलन बनाए रखने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक है। उन्होंने परिष्कृत कार्बोहाइड्रेट और अत्यधिक प्रोसेस्ड तेलों से बचने तथा ऑलिव ऑयल जैसे स्वस्थ विकल्पों को अपनाने पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि ने जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में सम्मेलन के आयोजन को समय की मांग बताया और पर्यावरण म्यूटाजेन सोसाइटी ऑफ इंडिया, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज तथा प्राचार्य डॉ. अमर सिंह को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का समापन सह विदाई सत्र की शुरुआत विधिवत अभिनंदन समारोह से हुई, जिसमें मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा एवं तकनीकी निदेशक (झारखंड, रांची) सुनील कुमार (IAS), विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा एवं तकनीकी संयुक्त निदेशक (झारखंड, रांची) प्रो (डॉ.) रंजीत कुमार सिंह, EMSI की अध्यक्ष डॉ बनी बंदना गांगुली और सचिव डॉ देवाशीष रथ का औपचारिक स्वागत किया गया। आयोजन सचिव डॉ विष्णु शंकर सिन्हा ने EMSI की अध्यक्ष डॉ बनी बंदना गांगुली को उनके ‘ओपनिंग रिमार्क्स’ के लिए आमंत्रित किया। सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ अमर सिंह ने अपना अध्यक्षीय स्वागत भाषण दिया।
जूलॉजी विभाग की डॉ स्वाति सोरेन ने पूरे तीन दिवसीय सम्मेलन का विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने सम्मेलन के दौरान हुए विभिन्न तकनीकी सत्रों और शोध कार्यों का सार साझा किया। इसके बाद फीडबैक सत्र का संचालन हुआ, जिसमें डॉ देवाशीष रथ (सचिव, EMSI), प्रो (डॉ.) नंद जी कुमार (पूर्व कुलपति, मगध विश्वविद्यालय) और डॉ बिराजलक्ष्मी दास (BARC) ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। अंत में अन्य प्रतिभागियों के लिए भी ओपन फीडबैक का अवसर रखा गया। विशिष्ट अतिथि प्रो (डॉ) रंजीत कुमार सिंह ने सभा को संबोधित किया।
सम्मेलन के अंतिम चरण में पुरस्कार और प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें EMSI की ओर से मौखिक प्रस्तुति के लिए अनुरिमा सामंत को प्रथम और संगीता सोनोवाल को द्वितीय पुरस्कार मिला, जबकि पोस्टर प्रस्तुति में किशोरी लाल ने प्रथम और प्रेरणा कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज की ओर से भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया, जिसमें राजू नागराजू, कौशिकी आश और श्रावणी शी को मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किए गए, जबकि सर्वोत्तम पत्र प्रस्तुति के लिए तरन्नुम परवीन और आदेपु विनय कुमार को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ रुचिका तिवारी और डॉ पास्कल बैग ने किया कार्यक्रम का समापन संयुक्त संयोजक डॉ. नीता सिन्हा के धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।


