Campus Boom.
मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2025–26 के अंतर्गत राज्य के टॉप-9 विद्यालयों में स्थान प्राप्त करने तथा शहरी क्षेत्र में सर्वोच्च स्थान हासिल करने पर पीएम श्री टाटा वर्कर्स यूनियन +2 स्कूल को लगातार पांचवीं बार स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राज्य सरकार की ओर से 11 मार्च 2026 को रांची स्थित होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित भव्य समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं पेयजल मंत्री योगेंद्र यादव, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक, यूनिसेफ़ झारखंड की प्रमुख कनिका मित्रा यूनिसेफ इंडिया के चीफ पॉल की उपस्थिति रही। समारोह में पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और गुजरात सहित विभिन्न राज्यों से आए शिक्षा विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
समारोह के दौरान विद्यालय द्वारा स्वच्छता और स्वास्थ्य से संबंधित कई नवाचारी पहल प्रस्तुत की गईं। इनमें विद्यालय परिसर की नियमित सफाई व्यवस्था, स्वच्छ शौचालयों का रख-रखाव, सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, विद्यार्थियों में हाथ धोने की आदत को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियान तथा विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने जैसे कार्य प्रमुख हैं। इन पहलों को यूनिसेफ तथा अन्य राज्यों से आए प्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष विस्तार से साझा किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की और इसे अन्य विद्यालयों के लिए भी अनुकरणीय बताया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सेंतेंग केरकेट्टा ने स्वास्थ्य एवं पेयजल मंत्री योगेंद्र यादव और शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह की उपस्थिति में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका शिप्रा ने भी विद्यालय की स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों और नवाचारी प्रयासों की प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाने के लिए विद्यालय में नियमित स्वच्छता अभियान, व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया और छात्रों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाती है, ताकि वे समाज में भी स्वच्छता के संदेशवाहक बन सकें।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा स्थानीय समुदाय के सामूहिक सहयोग को दिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि लगातार पांचवीं बार यह सम्मान प्राप्त होना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है और यह भविष्य में स्वच्छ, स्वस्थ एवं जागरूक विद्यालय वातावरण के निर्माण के लिए और अधिक प्रेरणा देगा।


