Campus Boom.
भोजपुरी अंचल की प्राचीन लोक कला पिड़िया कला और भोजपुरी पेंटिंग को जियोग्राफिकल इंडिकेशन (जीआई) टैग मिलने पर कलाकारों और भोजपुरी समाज में हर्ष का माहौल है। भोजपुरी जन जागरण अभियान के राष्ट्रीय संयोजक राजेश भोजपुरिया ने इस उपलब्धि को भोजपुरी संस्कृति और लोक परंपराओं के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया है।
राजेश भोजपुरिया ने कहा कि वर्षों से कलाकार और सांस्कृतिक कार्यकर्ता पिड़िया कला को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की मांग कर रहे थे। जीआई टैग मिलने से न केवल इस कला को नई पहचान मिलेगी, बल्कि इसके संरक्षण और संवर्धन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन कलाकारों की मेहनत और संघर्ष की बड़ी जीत है, जिन्होंने इस पारंपरिक कला को जीवित रखने का कार्य किया है।
उन्होंने बताया कि पिड़िया चित्रकारी भोजपुरी क्षेत्र की एक प्राचीन लोक कला है, जिसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह परंपरा गोवर्धन पूजा से प्रारंभ होकर भैया दूज तक चलती है। इस दौरान घरों की दीवारों और विशेष स्थानों पर पारंपरिक चित्र बनाए जाते हैं, जो भाई-बहन के अटूट प्रेम, लोक संस्कृति, सामाजिक जीवन और पारिवारिक मूल्यों को दर्शाते हैं।
राजेश भोजपुरिया ने कहा कि पिड़िया कला की प्रत्येक कलाकृति स्थानीय संस्कृति और परंपराओं की कहानी कहती है। यही कारण है कि यह केवल भोजपुरिया समाज ही नहीं, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है।
उन्होंने आरा (भोजपुर) की कलाकार विनीता कुमारी के योगदान की विशेष सराहना करते हुए कहा कि पिड़िया कला को देश-विदेश में लोकप्रिय बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके द्वारा तैयार की गई पिड़िया कला आधारित पेंटिंग्स को व्यापक पहचान मिली है। अब जीआई टैग मिलने के बाद इस कला को वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठा प्राप्त होगी।
राजेश भोजपुरिया ने इस उपलब्धि पर पिड़िया कला से जुड़े सभी कलाकारों, चित्रकारों और सांस्कृतिक कर्मियों को बधाई देते हुए बिहार सरकार की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे भोजपुरी संस्कृति और लोक कलाओं को विश्व स्तर पर नई पहचान मिलेगी।


