Campus Boom.
जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित 12वें राष्ट्रीय 5S कॉन्क्लेव में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया है। क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया (QCFI), वाराणसी चैप्टर द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम को ‘पार एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
इस वर्ष कॉन्क्लेव का विषय “हाउसकीपिंग बियॉन्ड 5S: विश्वस्तरीय कार्यप्रणालियों के लिए सतत विकास एवं अनुशासन की संस्कृति” था। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों की टीमों ने भाग लेकर अपने नवाचार और कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया।
विवेक विद्यालय की छात्राएँ इशिका सिंह, अनुष्का कुमारी और आयशा भारती ने केस स्टडी प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रस्तुति देकर निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया। विषय की गहरी समझ, सशक्त विश्लेषण और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति के आधार पर उन्हें प्रतिष्ठित ‘पार एक्सीलेंस अवार्ड’ प्रदान किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने इस उपलब्धि पर छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। साथ ही उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


