Campus Boom.
विश्व मानवाधिकार दिवस में मौके पर दोमुहानी संगम तट पर वन बिलियन राइज कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक संस्था श्रमजीवी महिला समिति के द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए श्रमजीवी महिला समिति की पूर्वी पॉल ने बताया कि 25 नवंबर से विश्व भर में शुरू वन बिलियन राइज अभियान “राइज फॉर वन बॉडीज, वन अर्थ, वन फ्यूचर” की थीम पर आधारित है, जिसके माध्यम से समुदाय में सामाजिक सद्भाव की भावना लाने व बिगड़ते पर्यावरण में सुधार लाने हेतु एकजुट होने, शरीर की गरिमा और सुरक्षा के लिए, धरती की रक्षा के लिए और हमारे भविष्य के न्यायपूर्ण निर्माण के लिए सन्देश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च तक जारी रहेगा।” पूर्वी पॉल ने कहा कि मानवाधिकार केवल कानून की किताब में लिखा हुआ शब्द नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन में जीने वाले अधिकार है, यह तब तक संभव नहीं जबतक महिलाएं, लड़कियां, LGBTQIA+ समुदाय, आदिवासी समाज, मजदूर, किसान और युवा मिलकर आवाज ना उठाए ।
सेंटर फॉर वर्ल्ड सॉलिडरिटी के स्टेट डायरेक्टर राजेश झा ने मानवीय प्रयासों से पर्यावरण में हो रहे नुकसान से जुड़ी चिंताओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। पीपल्स फ़ॉर चेंज के शौविक साहा ने जेंडर के अनुसार पर्यावरण के प्रभावों के बारे में बताया। डॉ निर्मला शुक्ला, प्रभा जायसवाल, अंजली बोस, अर्पिता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहरों, शहरी बस्तियों और गांवों में विस्थापन, जल संकट, जलवायु परिवर्तन, युवा नेतृत्व, संवैधानिक मूल्य व अन्य जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बात की।
इस दौरान आदिवासी समाजिक कार्यकर्ता मालती सुंडी, बासमती बीरुवा, रामचन्द्र मार्डी, सुनील हेंब्रम, शिवानी मार्डी व अन्य ने भी जमीनी स्तर पर मानवाधिकार से जुड़े मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद की। मौके पर आदर्श सेवा संस्थान के वायुवीर बच्चों ने शहर में लगातार खराब हो रहे वायु गुणवता के बारे में बताया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मानवाधिकार मुद्दों पर प्राकृतिक रंगों से पेंटिंग की। बेहतर पेंटिंग करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केन्द्र रही। कार्यक्रम में कोल्हान भर के विभिन्न गांवों से आए प्रतिनिधियों ने शिरकत की। कार्यक्रम का संचालन संजय सोलोमन ने किया।


