Campus Boom.
जमशेदपुर, 21 जून। विश्व योग दिवस के अवसर पर जहां देशभर में योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया, वहीं टीम पीएसएफ ने रक्तदान को भी स्वास्थ्य से जोड़ते हुए तीन सिंगल डोनर प्लेटलेट (एसडीपी) रक्तदान के जरिए समाज को स्वस्थ रहने का संदेश दिया। इस पहल के साथ टीम ने एसडीपी रक्तदान अभियान के तहत 1851वें एसडीपी रक्तदान का महत्वपूर्ण पड़ाव भी हासिल कर लिया।
रविवार को कुमारेस हाजरा, आशु कुमार यादव और शुभेंदु मुखर्जी ने एसडीपी रक्तदान कर अपने योगदान को विश्व योग दिवस के नाम समर्पित किया। टीम पीएसएफ लंबे समय से एसडीपी रक्तदान के क्षेत्र में अभियान चला रही है और इसे देश के बड़े स्वैच्छिक प्रयासों में से एक माना जा रहा है।
रक्तदान के उपरांत सभी रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के वरीय चिकित्सक डॉ. लव बहादुर सिंह ने नियमित रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे न केवल जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है, बल्कि रक्तदाताओं में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
कार्यक्रम में तकनीशियन अनुप कुमार श्रीवास्तव, रविशंकर पात्रो और रत्नेश के अलावा टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, शिवानी हाजरा तथा अनिकेत हाजरा उपस्थित थे।
टीम पीएसएफ के सदस्यों ने कहा कि योग और रक्तदान दोनों ही स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और लोगों को इन्हें अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।


