Campus Boom.
जमशेदपुर, 12 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून को बिष्टुपुर स्थित द मिलानी में एक विशाल मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस सामाजिक अभियान का संयुक्त आयोजन प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर, द मिलानी एवं प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम को टाटा स्टील फाउंडेशन का सहयोग प्राप्त है।
इस अवसर पर ई-डिजिटल इंडिया ने रक्तदाताओं के लिए एक विशेष पहल की घोषणा की है। शिविर में रक्तदान करने वाले प्रत्येक योग्य रक्तदाता को निःशुल्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं ChatGPT प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही डिजिटल स्किल डेवलपमेंट से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि आज समाज को एक ओर रक्तदान करने वाले संवेदनशील नागरिकों की आवश्यकता है, वहीं दूसरी ओर युवाओं को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना भी समय की मांग है। रक्तदान जहां जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा करता है, वहीं AI और डिजिटल तकनीकों का ज्ञान युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ सकता है।
ई-डिजिटल इंडिया के संस्थापक रामकृष्ण ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है, जबकि AI का ज्ञान किसी युवा के भविष्य को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने युवाओं से मानवता की सेवा के साथ-साथ तकनीकी रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।
आयोजकों ने कॉलेज विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों से रक्तदान महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की है।


