Campus Boom.
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संदर्भ में उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा प्रणाली में जीवन कौशल को लागू करने में आने वाली समस्याओं और चुनौतियों पर चर्चा के लिए मंगलवार को एक्सएलआरआई के फादर प्रभु सभागार में एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। इस सेमिनार का प्रायोजन नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशनल प्लानिंग एंड एडमिनिस्ट्रेशन (NIEPA), नई दिल्ली द्वारा किया गया, जबकि आयोजन socio economic and education development society (सीड्स) संस्था की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षाविद डॉ. निधि मिश्रा (फैकल्टी, ऑर्गेनाइजेशनल बिहेवियर, एक्सएलआरआई), कोल्हान विश्वविद्यालय के भूतपूर्व कुलपति डॉ. शुक्ला मोहंती तथा सीड्स संस्था की सचिव डॉ. शुभ्रा दिवेदी ने जीवन कौशल शिक्षा की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए।
अपने संबोधन में डॉ. निधि मिश्रा ने कहा कि आज समाज में शैक्षणिक उत्कृष्टता को लेकर काफी गंभीरता देखी जाती है, लेकिन जीवन कौशल को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि केवल अकादमिक उपलब्धियां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि जीवन में सफल होने के लिए जीवन कौशल का होना अधिक महत्वपूर्ण है। इसलिए शिक्षा व्यवस्था में जीवन कौशल को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है।
वहीं कोल्हान विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. शुक्ला मोहंती ने कहा कि सरकारी और ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में जीवन कौशल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए और अधिक प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों के विद्यार्थियों तक भी जीवन कौशल की जानकारी पहुंचाना जरूरी है, ताकि वे अपने जीवन में बेहतर निर्णय ले सकें।
इस अवसर पर पीएमश्री प्लस-2 हाई स्कूल सिमुलडांगा के शिक्षक उमा नाथ सिंह ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास जीवन को जीने का कौशल है, तो वह वास्तव में कुशल है।
कार्यक्रम में सीड्स संस्था की महिला लीडर्स, बीईओ, हेडमास्टर्स, शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, अभिभावक तथा डीबीएमएस, चिन्मया विद्यालय सहित 13 स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सेमिनार के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में सीड्स संस्था के प्रोग्राम संयोजक महानंद झा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


