National Teachers Award 2026: शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार (National Teachers Award) 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। यह पुरस्कार उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक संस्थानों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और संकाय सदस्यों को सम्मानित करने के उद्देश्य से दिए जाएंगे। प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार समारोह का आयोजन 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस के दिन किया जाता है।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन करने के इच्छुक और योग्य उम्मीदवार और संस्थान राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल www.awards.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस पहल में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) को संस्थागत भागीदार बनाया गया है। मंत्रालय का उद्देश्य देश भर के शिक्षकों के योगदान को पहचान देना और शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्ता को बढ़ावा देना है।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के लिए एक बड़ा सम्मान है। राष्ट्रीय स्तर शिक्षकों को सम्मानित किए जाने वाले इस पुरस्कार से न केवल शिक्षकों के कार्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है, बल्कि इसे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जाता है। योग्य शिक्षक समय रहते आवेदन कर इस प्रतिष्ठित सम्मान का हिस्सा बन सकते हैं।
National Teachers Award 2026 किन्हें मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार?
यह पुरस्कार देश के तकनीकी और गैर-तकनीकी उच्च शिक्षण संस्थानों तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों के उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रदान किया जाएगा। शिक्षा, शोध, नवाचार और छात्रों के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षक राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं।
National Teachers Award पुरस्कार की प्रमुख श्रेणियां
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 को दो प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है। पहली श्रेणी में उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के लिए है। इस श्रेणी में तीन उप-श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इस श्रेणी के सब कैटेगोरी में सबसे पहले इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी कैटेगोरी है, जिसमें इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर और संबंधित विषय शामिल हैं।
दूसरी सब कैटेगोरी में शुद्ध विज्ञान कैटेगोरी है, जिसमें गणित, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, चिकित्सा, फार्मेसी आदि विषय शामिल किए गए हैं। वहीं तीसरी कैटेगोरी में कला एवं सामाजिक विज्ञान कैटेगोरी है, जिसमें मानविकी, भाषाएं, विधि अध्ययन, वाणिज्य, प्रबंधन और सामाजिक विज्ञान से जुड़े विषय शामिल हैं। शिक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह सूची केवल सांकेतिक है और उच्च शिक्षा से जुड़े अन्य उभरते विषय भी इसमें शामिल किए जा सकते हैं।
इस संबंध में प्रेस सूचना ब्यूरो की ओर से जारी की गई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दूसरी श्रेणी में पॉलिटेक्निक संस्थानों के शिक्षक शामिल है। यह श्रेणी पॉलिटेक्निक संस्थानों में कार्यरत उत्कृष्ट शिक्षकों और संकाय सदस्यों के लिए निर्धारित की गई है।
National Teachers Award 2026 पात्रता मानदंड क्या हैं?
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को कुछ जरूरी पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी। सबसे पहले शर्त के अनुसार, उम्मीदवार नियमित संकाय सदस्य होना चाहिए। अभ्यर्थियों को स्नातक या स्नातकोत्तर स्तर पर कम से कम 5 वर्ष का पूर्णकालिक शिक्षण अनुभव अनिवार्य है। आवेदन की अंतिम तिथि तक उम्मीदवार की आयु 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए कुलपति, निदेशक और प्रिंसिपल आवेदन के पात्र नहीं होंगे। हालांकि, जो व्यक्ति पहले इन पदों पर रह चुके हैं और वर्तमान में सक्रिय सेवा में हैं, वे आवेदन कर सकते हैं।
National Teachers Award आवेदन कैसे होगा?
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और आवेदन awards.gov.in पोर्टल पर जमा किए जाएंगे। नामांकन के प्रक्रिया में स्व-नामांकन (Self Nomination), संस्थागत नामांकन, सहकर्मी नामांकन आदि शामिल है। इस पुरस्कार के लिए संस्थान प्रमुख, जैसे निदेशक, प्रिंसिपल या कुलपति भी शिक्षकों का नामांकन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार आवेदन की अंतिम तिथि
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 जुलाई 2026 निर्धारित किया है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। यदि किसी उम्मीदवार को आवेदन प्रक्रिया में समस्या आती है, तो वे निम्न माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं:
ईमेल: [email protected]
फोन: 011-29581051, 011-295811236
(सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक)
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 चयन प्रक्रिया
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के तहत चयनित शिक्षकों को सम्मान स्वरूप कई विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक पदक (Medal), सम्मान प्रमाणपत्र (Certificate) और 50,000 रुपये की नकद राशि दी जाएगी। यह सम्मान देश भर के उन शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिया जाता है जिन्होंने शिक्षा, शोध, नवाचार और विद्यार्थियों के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।


