Campus Boom.
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) द्वारा इंटरनेशनल नवोदय चैंबर ऑफ कॉमर्स (INCOC) के सहयोग से सोमवार को बिष्टुपुर स्थित सी.एच. एरिया के स्वामी विवेकानंद कॉन्फ्रेंस हॉल में उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम (EA&SVDP) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमियों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, विशेषकर नेशनल SC-ST हब (NSSH) योजना तथा सार्वजनिक खरीद नीति के बारे में जागरूक करना था।
कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम एवं आसपास के क्षेत्रों से 200 से अधिक नए और स्थापित उद्यमियों ने भाग लिया। उपस्थित उद्यमियों को MSME मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, उद्यम पंजीकरण, विक्रेता पंजीकरण प्रक्रिया, ई-टेंडरिंग, बैंकिंग सुविधाओं, सब्सिडी योजनाओं तथा व्यवसाय विस्तार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
सरकारी खरीद में SC-ST एवं महिला उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में किरण मारिया तिरु (SBM, NSSHO रांची) ने बताया कि भारत सरकार की सार्वजनिक खरीद नीति के तहत केंद्रीय मंत्रालयों एवं सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा SC/ST स्वामित्व वाले सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से न्यूनतम 4 प्रतिशत तथा महिला स्वामित्व वाले उद्यमों से 3 प्रतिशत खरीद सुनिश्चित करने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि नेशनल SC-ST हब योजना का उद्देश्य ऐसे उद्यमियों को सरकारी खरीद प्रणाली से जोड़ना और उन्हें प्रतिस्पर्धी बनाना है।
उद्यम पंजीकरण और विक्रेता विकास की दी गई जानकारी
नए उद्यमियों को उद्यम पोर्टल पर पंजीकरण के महत्व से अवगत कराया गया, जबकि मौजूदा उद्यमियों को विक्रेता पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज, CPSEs द्वारा खरीदी जाने वाली वस्तुओं एवं सेवाओं, ई-टेंडर प्रक्रिया, ऋण सुविधाओं तथा बैंकों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता एवं सब्सिडी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में UCIL, SAIL, DIC, MSME-DFO, GeM, IDTR, ICAI तथा विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के प्रतिनिधियों ने तकनीकी सत्रों में भाग लिया। विशेषज्ञों ने वित्तीय सहायता, विक्रेता सूचीकरण (Vendor Empanelment), सरकारी खरीद प्रक्रियाओं तथा उद्यम विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
इस अवसर पर एस.एन. कुमार (UCIL), मानस मंडल (SAIL), इंद्रजीत यादव (डायरेक्टर, MSME-DFO), गौरव कुमार (असिस्टेंट डायरेक्टर, MSME-DFO), एस.एम. अनवर (DIC), विवेक कुमार (LDM), डॉ. पास्कल बेक (JSR को-ऑपरेटिव कॉलेज), एस.के. चौधरी (NSSHO रांची), शुभम कुमार, विवेकानंद सिंह, मनोज कुमार सिंह एवं राज कुमार साहू (INCOC) सहित अनेक विभागीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं उद्योग जगत से जुड़े लोग उपस्थित थे।
उद्यमियों और संस्थाओं के बीच संवाद का बना मंच
कार्यक्रम ने उद्यमियों, केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों, वित्तीय संस्थानों एवं MSME सहायता एजेंसियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का अवसर प्रदान किया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, बाजार से जुड़ने तथा अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।


