Campus Boom.
सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर एवं मेसर्स ओसवाल इंजीनियरिंग एंड केमिकल कंपनी, जमशेदपुर के बीच विभिन्न ग्रेड के कोयला (Coal) एवं बेंजोइक एसिड (Benzoic Acid) के प्रमाणित संदर्भ सामग्री (Certified Reference Materials-CRMs) के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के तहत विकसित किए जाने वाले सीआरएम का उपयोग देशभर की कोयला खदान प्रयोगशालाओं, विश्लेषणात्मक प्रयोगशालाओं, इस्पात एवं फेरो अलॉय उद्योगों, ताप विद्युत संयंत्रों तथा भारत सरकार की विभिन्न नियामक प्रयोगशालाओं में गुणवत्ता नियंत्रण सामग्री के रूप में किया जाएगा। इससे परीक्षण एवं विश्लेषण की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और मानकीकरण को बढ़ावा मिलेगा तथा प्रयोगशालाओं में अधिक सटीक और भरोसेमंद परिणाम सुनिश्चित किए जा सकेंगे।
यह पहल भारत सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के अनुरूप स्वदेशी स्तर पर उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित संदर्भ पदार्थों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसके माध्यम से आयातित संदर्भ सामग्री पर निर्भरता कम होगी और देश में परीक्षण, गुणवत्ता आश्वासन तथा अनुसंधान क्षमताओं को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने इस सहयोग को वैज्ञानिक अनुसंधान और औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे देश में गुणवत्ता नियंत्रण के क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह साझेदारी उद्योग एवं अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग का एक सफल उदाहरण बनेगी।
समारोह में सीएसआईआर-एनएमएल के डॉ. एस. के. पाल (प्रमुख, आरपीबीडी), डॉ. ए. के. उपाध्याय, सुश्री रूपा दास बिस्वास, डॉ. राजेन कुंडू, डॉ. बीना, डॉ. मोहम्मद आरिफ तथा श्री सरोज कुमार सहित दोनों संस्थानों के अधिकारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित रहे।


