MCC NEET Counselling 2026: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET UG 2026) का परिणाम घोषित होने के बाद अब लाखों उम्मीदवार मेडिकल काउंसलिंग का इंतजार कर रहे हैं। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी जल्द ही नीट यूजी 2026 काउंसलिंग शेड्यूल अपनी आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जारी करेगी। शेड्यूल जारी होने के बाद योग्य उम्मीदवार एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग सहित विभिन्न मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन महानिदेशालय स्वास्थ्य सेवाएं की ओर से 15% ऑल इंडिया कोटा की एमबीबीएस और बीडीएस सीटों के अलावा एम्स, जेआईपीएमईआर, बीएचयू, एएमयू, ईएसआईसी, केंद्रीय विश्वविद्यालयों तथा डीम्ड विश्वविद्यालयों की सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग आयोजित करती है। वहीं, शेष 85% राज्य कोटा की काउंसलिंग संबंधित राज्य काउंसलिंग प्राधिकरण आयोजित करते हैं।
MCC NEET Counselling 2026 कब जारी होगा काउंसलिंग शेड्यूल?
एमसीसी ने अभी तक आधिकारिक काउंसलिंग कैलेंडर जारी नहीं किया है, लेकिन इसे जल्द ही mcc.nic.in पर प्रकाशित किए जाने की उम्मीद है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। एनटीए की ओर से दिए गए निर्देश के अनुसार, आधिकारिक नोटिस के अलावा एमसीसी नीट यूजी काउंसलिंग के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी पर भरोसा ना करें।
MCC NEET UG 2026 एमसीसी नीट काउंसलिंग प्रक्रिया
सीटों का आवंटन उम्मीदवार की नीट ऑल इंडिया रैंक, श्रेणी, आरक्षण और कॉलेज वरीयता (Choice Preference) के आधार पर किया जाएगा। नीट यूजी काउंसलिंग में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को निम्नलिखित चरण पूरे करने होंगे।
चरण 1- एमसीसी की वेबसाइट mcc.nic.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करें
चरण 2- काउंसलिंग शुल्क का भुगतान करें
चरण 3- कॉलेज और कोर्स का चॉइस फिलिंग एवं लॉकिंग करें
चरण 4- नीट यूजी सीट आवंटन करें
चरण 5- आवंटित संस्थान में दस्तावेज सत्यापन और रिपोर्टिंग करें।
NEET UG 2026 क्वालिफाइंग कटऑफ
इस वर्ष नीट यूजी की क्वालिफाइंग कटऑफ पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ी है। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सामान्य और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए 213 अंक, अन्य पिछड़ा जाति, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 177 अंक निर्धारित किया गया है।
हालांकि केवल क्वालिफाई करना सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की गारंटी नहीं है। प्रतिष्ठित कॉलेजों में प्रवेश के लिए वास्तविक कटऑफ इससे काफी अधिक रहती है। उच्च रैंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार देश के प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों में प्रवेश पा सकते हैं। बता दें कि इन संस्थानों में सीटें सीमित होती हैं, इसलिए यहां प्रवेश के लिए बेहद अच्छी ऑल इंडिया रैंक की आवश्यकता होती है।
NEET UG 2026 एमसीसी नीट काउंसलिंग के लिए आवश्यक दस्तावेज
एमसीसी नीट काउंसलिंग के दौरान उम्मीदवारों को नीट यूजी 2026 स्कोरकार्ड, एडमिट कार्ड, कक्षा 10 एवं 12 की मार्कशीट, पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, श्रेणी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), पीडब्ल्यूडी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने चाहिए।


