Campus Boom.
करीम सिटी कॉलेज में सेंटर फॉर एकेडमिक डेवलपमेंट (CAD) के तहत आयकर विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय था – “आयकर को सरलीकृत रूप में समझना : अवधारणाएं, गणना और अनुपालन” (Income Tax Simplified: Concepts, Calculation and Compliance)। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वाणिज्य संकाय के सहायक प्राध्यापक डॉ. आफताब आलम उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत CAD की कन्वेनर डॉ. संध्या सिन्हा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि प्रत्येक वित्तीय वर्ष में आयकर व्यवस्था और उसके नियमों में बदलाव होते रहते हैं। इसलिए प्रत्येक करदाता के लिए आयकर भुगतान संबंधी नवीन जानकारियों से अपडेट और सजग रहना आवश्यक है।
मुख्य वक्ता डॉ. आफताब आलम ने अपने पीपीटी आधारित व्याख्यान में बताया कि लोग आय बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रयास करते हैं, लेकिन आयकर के विषय में पर्याप्त जानकारी नहीं रखते। उन्होंने आयकर बचत के लिए विभिन्न वित्तीय निवेश विकल्पों और खर्च के क्षेत्रों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने डिजिटल माध्यम से समय पर आयकर भुगतान कर जिम्मेदार नागरिक बनने पर जोर दिया।
व्याख्यान के बाद डॉ. आले अली, डॉ. अनवर शहाब एवं डॉ. मोहम्मद मुइज अशरफ ने विषय से जुड़े प्रश्न एवं शंकाएं रखीं, जिनका समाधान डॉ. आफताब आलम ने विस्तारपूर्वक किया। प्रश्नोत्तरी सत्र के दौरान वाणिज्य संकायाध्यक्ष डॉ. मोइज़्ज़म नज़री ने आयकर की जटिलताओं और उनसे निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रत्येक नौकरीपेशा व्यक्ति का नागरिक कर्तव्य है कि वह नियमित रूप से आयकर का भुगतान सुनिश्चित करे। उन्होंने इसे देश के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया तथा कार्यालय स्तर पर उपलब्ध सहायता के बारे में भी जानकारी दी। अंत में वाणिज्य संकाय के प्राध्यापक डॉ. जाहिद परवेज़ ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


