Campus Boom.
कोल्हान यूनिवर्सिटी द्वारा विभिन्न महाविद्यालयों में कार्यरत प्राचार्यों, प्राचार्य-प्रभारी एवं शिक्षकों के स्थानांतरण और दायित्व निर्धारण को लेकर अधिसूचना जारी की गई है। यह आदेश झारखंड स्टेट यूनिवर्सिटीज एक्ट की धारा 10(11) के तहत जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 16 शिक्षकों का स्थानांतरण/प्रतिनियोजन किया गया है। इनमें डॉ अमर सिंह को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज से टाटा कॉलेज चाईबासा में प्राचार्य के रूप में भेजा गया है, जबकि डॉ एससी दास को टाटा कॉलेज चाईबासा से बहरागोड़ा कॉलेज में स्थानांतरित किया गया है।
डॉ. हरिहर प्रधान को जेएलएन कॉलेज चक्रधरपुर से डिग्री कॉलेज मनोहरपुर में प्राचार्य प्रभारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। वहीं डॉ नाजरुल इस्लाम को जगन्नाथपुर डिग्री कॉलेज में प्राचार्य प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा श्री बिकाश कुमार मिश्रा को महिला कॉलेज चाईबासा, डॉ. प्रीति बाला सिन्हा को घाटशिला कॉलेज, तथा डॉ. अंजना वंदना प्रेमा खाल्को को महिला कॉलेज चाईबासा में प्राचार्य-प्रभारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।
जमशेदपुर क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। डॉ. नीता सिन्हा को वर्कर्स कॉलेज जमशेदपुर, जबकि डॉ. सुमन कुमारी को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में स्थानांतरित किया गया है। डॉ. अरुंधति डे और डॉ. बनाश्री डे को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में सप्ताह के निर्धारित दिनों में कक्षाएं एवं अन्य गतिविधियों के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है।
डॉ एमए खान को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज तथा वर्कर्स कॉलेज में निर्धारित दिवसों पर शिक्षण कार्य का दायित्व सौंपा गया है। वहीं डॉ. किरण दुबे को जीएससीडब्ल्यू जमशेदपुर, डॉ. प्रकाश सरकार को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज तथा डॉ. संजय यादव को के.एस. कॉलेज सरायकेला में प्राचार्य प्रभारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। डॉ. कृष्णा प्यारे को भी जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में प्राचार्य प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार रंजीत कुमार करण द्वारा जारी इस आदेश में कहा गया है कि सभी संबंधित शिक्षक एवं पदाधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने नए दायित्व का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।


