Campus Boom.
कोल्हान विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्र संगठन और जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के पूर्व प्राचार्य के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। सोमवार को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में कोल्हान छात्र संघर्ष मोर्चा ने पूर्व प्राचार्य डॉ. अमर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं आरोपों पर Campus Boom की ओर से प्रतिक्रिया लेने पर डॉ. सिंह ने सख्ती से खंडन किया है।
लॉ कॉलेज को जमीन आवंटन नियम विरुद्ध : सोनू ठाकुर
मोर्चा के संस्थापक सदस्य सह सिंडिकेट सदस्य सोनू ठाकुर ने आरोप लगाया कि जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज को जमीन आवंटन नियमों को दरकिनार कर किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में आवंटन का दावा किया जाता है, लेकिन यदि ऐसा हुआ होता तो कॉलेज को बार-बार बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता के लिए जमीन के अभाव का हवाला नहीं देना पड़ता।
इसके अलावा, 24 अप्रैल को हुई सीनेट बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में प्राचार्य रहते हुए डॉ. अमर सिंह के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की जांच का आदेश राजभवन द्वारा दिया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक में इस मुद्दे को उठाने पर डॉ. सिंह ने छात्र प्रतिनिधियों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया।
वहीं, इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अमर सिंह ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि लॉ कॉलेज को जमीन आवंटन उनके कार्यकाल का मामला नहीं है और यदि आवंटन हुआ भी है तो वह सरकार और संबंधित विभाग की अनुमति से ही हुआ होगा।
सीनेट बैठक में अभद्र व्यवहार के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि बैठकों में मुद्दों पर चर्चा के दौरान बहस होना स्वाभाविक है, इसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ साजिश के तहत यह पूरा घटनाक्रम रचा जा रहा है।
एक माह में दूसरी बाद डॉ अमर सिंह का हुआ तबादला
मालूम हो कि प्राचार्य डॉ अमर सिंह का पिछले एक माह में दो बार तबादला विश्वविद्यालय द्वारा किया गया है। पहला तबादला जमशेदपुर को ऑपरेटिव कॉलेज से टाटा कॉलेज चाईबासा किया गया था। तबादला के कुछ दिन बाद ही विवि सीनेट की मीटिंग हुई जिसमे कथित तौर पर डॉ अमर सिंह और सिण्डिकेट मेंबर सोनू ठाकुर के बीच बहस हुआ, जो गंभीर मोड़ तक पहुंच गया। यह पूरा मामला राजभवन तक पहुंचा, जिसके बाद फिर से डॉ अमर सिंह का तबादला जगन्नाथपुर डिग्री कॉलेज कर दिया गया। इस मामले को लेकर विवि के शिक्षक, प्राचार्य दो धड़े में बंट गए हैं.
सम्मान समारोह भी हुआ आयोजित
इससे पूर्व कार्यक्रम में कोल्हान छात्र संघर्ष मोर्चा की ओर से हाल ही में सीनेट एवं सिंडिकेट सदस्य बने सोनू ठाकुर को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। प्रेसवार्ता में कोल्हान विश्वविद्यालय के उपसचिव वीरेंद्र कुमार, दीपक पाण्डेय, कुंदन यादव, बिपिन शुक्ला सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।



