Campus Boom.
खालसा वॉरियर एकादश ने टिनप्लेट सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराकर खालसा प्रीमियर लीग (केपीएल) का खिताब अपने नाम कर लिया। को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में रविवार को खेला गया फाइनल मुकाबला एकतरफा रहा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टिनप्लेट सुपर किंग्स की टीम 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 72 रन ही बना सकी। टीम की ओर से गोल्डी ने 17 गेंदों पर 26 रन और राज ने 12 गेंदों पर 18 रन की पारी खेली। खालसा वॉरियर की ओर से रौनक और कप्तान ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए खालसा वॉरियर एकादश ने 6.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 75 रन बनाते हुए मैच आसानी से जीत लिया। रौनक ने मात्र 9 गेंदों पर 34 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया, जबकि अमन ने 12 गेंदों पर 19 रन बनाए। टिनप्लेट सुपर किंग्स की ओर से परम ने 2 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट झटके।
रौनक को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द फाइनल चुना गया। उन्होंने 34 रन बनाने के साथ 2 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट भी लिया।
टूर्नामेंट के समापन पर टिनप्लेट सुपर किंग्स के करण को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सिक्सर किंग घोषित किया गया, जबकि परम को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला। खालसा वॉरियर के रौनक को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
तीन दिवसीय इस टूर्नामेंट का आयोजन गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची द्वारा किया गया था। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एवं झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के महासचिव सौरव तिवारी उपस्थित थे, जबकि साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अपने संबोधन में सौरव तिवारी ने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और क्रिकेट के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं, निशान सिंह ने कहा कि इस आयोजन से सिख युवाओं में खेल भावना और एकता को बढ़ावा मिला है।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार राघवेन्द्र सिंह, युवा नेता सतबीर सिंह सोमू, चंचल भाटिया, सेंट्रल नौजवान सभा के अध्यक्ष अमरीक सिंह, ट्रस्टी रबीन्द्र सिंह, मनमोहन भामरा और जगतार सिंह नागी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं पदक देकर सम्मानित किया।
मैचों में अंपायरिंग सन्नी नामता उर्फ ताइबू और लालू प्रसाद यादव ने की, जबकि दीपक यादव स्कोरर रहे। इलेक्ट्रॉनिक स्कोरिंग का जिम्मा वरुण कुमार और कुलजीत सिंह ने संभाला।
टूर्नामेंट के तकनीकी निदेशक बलजीत संसोआ ने मंच संचालन और कमेंट्री का दायित्व निभाया। उन्होंने कहा कि जल्द ही जमशेदपुर में फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
टूर्नामेंट को सफल बनाने में नानक सिंह, मनोहर सिंह मिते, त्रिलोचन सिंह तोची, कुलजीत सिंह और गुरमीत सिंह का विशेष योगदान रहा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची के महासचिव परमजीत सिंह काले समेत अन्य सदस्यों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


