Campus Boom.
विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर बड़ा तालसा गांव में आयोजित “मासिका महोत्सव” के दौरान केरूवाडूंगरी पंचायत को झारखंड का पहला “मेंस्ट्रुअल वेस्ट फ्री पंचायत” घोषित किया गया। पंचायत के 11 गांव — तुरामडीह, बड़ा तालसा, छोटा तालसा, केरूवाडूंगरी, आहरघुटू, बाहरदाढ़ी, धोडांगा, हाकेगोडा, भीतरदाढ़ी, भूडरुडीह और भूरीडीह को औपचारिक रूप से मेंस्ट्रुअल वेस्ट फ्री घोषित किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि पंचायत की लगभग सभी महिलाएं और किशोरियां अब पर्यावरण अनुकूल रीयूजेबल सैनिटरी पैड का उपयोग कर रही हैं। ऐसे समय में जब ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी बड़ी संख्या में महिलाओं तक माहवारी स्वच्छता से जुड़ी जागरूकता और सुविधाएं नहीं पहुंच पाई हैं, केरूवाडूंगरी पंचायत की यह पहल पूरे राज्य के लिए प्रेरणादायक बन गई है।
यह उपलब्धि पंचायत के मुखिया कान्हू मुर्मू, सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन, प्रोजेक्ट बाला एवं स्थानीय महिला संगठनों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बारी मुर्मू ने कहा कि माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता महिलाओं और समाज दोनों के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूरे पंचायत को “मेंस्ट्रुअल वेस्ट फ्री” बनाने की सोच अपने आप में अद्भुत है और केरूवाडूंगरी पंचायत ने इसे साकार कर दिखाया है। उन्होंने पंचायत के मुखिया कान्हू मुर्मू और निश्चय फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है।
मौके पर तरुण कुमार, जिन्हें झारखंड के “पैडमैन” के नाम से भी जाना जाता है, ने कहा कि माहवारी को लेकर समाज में व्याप्त चुप्पी और झिझक को खत्म करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि पंचायत में पिछले चार वर्षों से लगातार जागरूकता अभियान, कार्यशालाएं और रीयूजेबल पैड वितरण कार्यक्रम चलाए जा रहे थे, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने आया है।
कार्यक्रम में गांव की किशोरियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नाटक, कविता और भाषण के माध्यम से माहवारी को लेकर जागरूकता का संदेश दिया। महिलाओं और किशोरियों ने अभियान के कारण समाज में आए सकारात्मक बदलाव और सोच में परिवर्तन के अनुभव भी साझा किए।
माहवारी स्वच्छता और महिला जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाली सारोती हेंब्रम, माया हेंब्रम, प्रियंका गुरिया, रादाय हो, पानोसोती मार्डी, लक्ष्मी हेंब्रम और शकुन तियूं समेत लगभग दो दर्जन कार्यकर्ताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आकाश महतो, राकेश चंद्र मुर्मू, सुनील किस्कु, जोबा मार्डी, मनोज मुर्मू, धनमनी मार्डी, सुकलाल सरदार एवं दुर्गा चरण मुर्मू सहित पंचायत की सैकड़ों महिलाएं और किशोरियां उपस्थित थीं।
गौरतलब है कि निश्चय फाउंडेशन ने अपनी स्थापना के नौ वर्ष पूरे कर लिए हैं। संस्था ने सीमित संसाधनों के बावजूद माहवारी स्वच्छता, जेंडर समानता और बच्चों की शिक्षा को लेकर लगातार जमीनी स्तर पर कार्य किया है। इस वर्ष संस्था को विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस का ऑफिशियल पार्टनर भी बनाया गया है।


