Campus Boom.
झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत अवर प्रादेशिक नियोजनालय, जमशेदपुर द्वारा गुरुवार को गोलमुरी स्थित कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में करीब 800 युवाओं ने भाग लिया, जबकि 15 स्थानीय एवं बाहरी कंपनियों ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार आयोजित किए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा लगभग 1,800 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई। चयन प्रक्रिया के दौरान 233 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 66 उम्मीदवारों का अंतिम रूप से चयन किया गया। रोजगार मेले में विनिर्माण, कौशल विकास, वित्तीय सेवाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने भाग लिया।
रोजगार मेले की पूरी प्रक्रिया सहायक निदेशक (नियोजन) अजय कुमार एवं नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई। आयोजन को सफल बनाने में विभाग के कर्मचारी ऋतू राज, दीपक, रोशन, बिक्रम, अन्नू कुमार और कृष्णा संदिल सहित अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर ई-डिजिटल इंडिया ने भी अपना सूचना एवं मार्गदर्शन स्टॉल लगाया, जहां युवाओं को डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल मार्केटिंग, वेब डेवलपमेंट तथा रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण की जानकारी दी गई। संस्थान के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों को उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास के महत्व से भी अवगत कराया।
ई-डिजिटल इंडिया ने रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिए क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं और उद्योग जगत के बीच प्रभावी सेतु का कार्य करते हैं तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


