JAC Board Result 2026: झारखंड अकेडमिक काउंसिल का इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम उत्कृष्ट रहा है। महाविद्यालय के तीनों संकाय—साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स—में छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। योगदा सत्संग इंटरमीडिएट महाविद्यालय, धुर्वा (जगन्नाथपुर) का परिणाम शानदार रहा है। 12वीं वाणिज्य संकाय में 478 अंक के साथ राज्य भर में टॉप करने वाली स्वेता प्रसाद इसी स्कूल की छात्रा है।
स्कूल से साइंस संकाय में कुल 244 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 206 छात्र सफल रहे। इस प्रकार पासिंग प्रतिशत 84.42 रहा। सफल छात्रों में 166 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी और 40 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
कॉमर्स संकाय का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। कुल 246 परीक्षार्थियों में से 245 छात्र सफल घोषित किए गए, जिससे पासिंग प्रतिशत 99.59 दर्ज किया गया। इनमें 195 छात्र प्रथम श्रेणी तथा 50 छात्र द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
आर्ट्स संकाय में इस वर्ष शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया। कुल 238 विद्यार्थियों में सभी सफल रहे। इनमें 172 छात्र प्रथम श्रेणी और 64 छात्र द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
महाविद्यालय के चेयरमैन स्वामी निश्चलानंद, वाइस चेयरमैन (जीबी) जनरल ज्ञान भूषण, सचिव अरविंद कटियार, सहायक सचिव रवि प्रताप सिंह एवं कार्यवाहक प्राचार्य राजीव मिश्रा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को इस सफलता पर बधाई दी है।
संस्थान ने विशेष रूप से कॉमर्स संकाय की छात्रा श्वेता प्रसाद, जिन्होंने राज्य स्तर पर टॉप किया है, की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए अन्य विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया है। महाविद्यालय का यह उत्कृष्ट परिणाम न केवल छात्रों की मेहनत का प्रमाण है, बल्कि संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को भी दर्शाता है।


