JAC Board 12th Result:
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की इंटरमीडिएट कला संकाय परीक्षा 2026 में 478 अंक हासिल कर राज्यभर में पहला स्थान प्राप्त करने वाली छोटी कुमारी ने मेहनत, लगन और आत्मविश्वास की मिसाल पेश की है। केएन +2 स्कूल हरनद बोकारो की छात्रा छोटी बेहद साधारण परिवार से आती हैं, लेकिन उनकी उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधन भी बड़े सपनों को रोक नहीं सकते।
छोटी के पिता भवानी शंकर नायक राशन दुकान में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि माता माला देवी गृहिणी हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद परिवार ने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। बेटी की इस सफलता से माता-पिता भावुक हो उठे। घर और गांव में जश्न का माहौल है, बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
बिना ट्यूशन, सिर्फ मेहनत के दम पर सफलता
छोटी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कभी ट्यूशन का सहारा नहीं लिया। वह रोजाना सुबह 2 घंटे और शाम को 3 घंटे पढ़ाई करती थीं। उनका मानना है कि अगर मन लगाकर पढ़ाई की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।
शिक्षिका बनकर करना चाहती हैं सेवाछोटी का सपना है कि वह आगे चलकर शिक्षिका बनें और समाज के बच्चों को शिक्षित करें। उन्होंने करीब से देखा है कि किस तरह से आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की पढ़ाई छुट जाती है, छोटी ऐसे बच्चों के लिए कुछ करने का जज्बा रखती है। छोटी कहती है,कहती हैं कि उनकी इस सफलता का सबसे बड़ा श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को जाता है, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
महाविद्यालय प्रबंधन और गांव के लोगों ने छोटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। उनकी यह कहानी उन हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का हौसला रखते हैं।


