के. दुर्गा राव।
कांड्रा। जेवियर स्कूल, गम्हरिया की शैक्षणिक एवं समग्र उत्कृष्टता के 15 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित “क्रिस्टल जुबली समारोह—उत्कृष्टता के 15 वर्ष” के तहत अंतरविद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जमशेदपुर प्रांत के जेसुइट विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के 11 जेसुइट विद्यालयों के करीब 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
जेवियर स्कूल गम्हरिया ने जीता अंडर-14 खिताब
अंडर-14 बालक वर्ग में जेवियर स्कूल, गम्हरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। संत जेवियर स्कूल, डोलाबानी की टीम उपविजेता रही।
वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में संत थॉमस स्कूल ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि लोयोला स्कूल, रेरुआ उपविजेता रहा। अंडर-19 बालक वर्ग में संत थॉमस स्कूल विजेता और जेवियर स्कूल, गम्हरिया उपविजेता रहा।
खेल के साथ भाईचारे और अनुशासन का संदेश
प्रतियोगिता का उद्घाटन जेवियर स्कूल, गम्हरिया के प्रधानाचार्य फादर सेबेस्टियन पुथेनपुरा, एस.जे. एवं एक्सआईटीई कॉलेज के प्रधानाचार्य ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर फादर सेबेस्टियन पुथेनपुरा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना नहीं है, बल्कि विभिन्न जेसुइट विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच भाईचारा, टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना भी है।
उन्होंने कहा कि यह समारोह जेवियर स्कूल, गम्हरिया की 15 वर्षों की शैक्षणिक, खेलकूद एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की यात्रा का उत्सव है। विद्यालय परिवार ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी जेसुइट विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय के खेल प्रशिक्षक विकास कुमार सिंह, सुजीत रजक, सुनीता मांझी और तूलिका धारा काले का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





