Campus Boom.
बागबेड़ा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक दिवसीय योग कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने सहभागिता करते हुए योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य रंजय कुमार राय ने योग विज्ञान के जनक महर्षि पतंजलि तथा भारत माता के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोगी रहता है और व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक विकास में संतुलन स्थापित होता है। योग स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है।
विद्यालय के योग आचार्य सुधाकर गिरी के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों ने संधि योग, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, अर्धकटिचक्रासन, वज्रासन, शशांकासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन तथा विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास किया।
इस अवसर पर माध्यमिक खंड की वरिष्ठ आचार्या रेखा दीदी एवं छात्राओं द्वारा योग विषयक प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर विश्व के सभी लोगों के स्वास्थ्य, सुख और निरोगी जीवन की कामना के साथ सामूहिक रूप से योग संकल्प और समापन मंत्र का उच्चारण किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के अभिभावक, आचार्य बंधु-भगिनी तथा विद्यार्थी उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रभारी उपेंद्र पांडे ने किया।


