Campus Boom.
मिड-कैरियर प्रशिक्षण कार्यक्रम (एमसीटीपी-2) के अंतर्गत भारतीय विदेश सेवा (IFS) के अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल) का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में सुशील प्रसाद, उप उच्चायुक्त, भारतीय उच्चायोग, नैरोबी (केन्या) तथा एम.डी. शाहिद आलम, काउंसलर, भारतीय उच्चायोग, लंदन (यूनाइटेड किंगडम) शामिल थे। उनके साथ जिला खनन पदाधिकारी एवं जमशेदपुर तथा चाईबासा के जिला उद्योग केंद्रों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
दौरे के दौरान अधिकारियों ने सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी एवं संस्थान के विभागाध्यक्षों के साथ विस्तृत संवाद किया। इस अवसर पर उन्हें संस्थान की अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों, प्रमुख वैज्ञानिक उपलब्धियों तथा खनिज, धातु एवं पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में किए जा रहे अनुसंधानों की जानकारी दी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और अनुसंधान सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने क्रीप परीक्षण प्रयोगशाला, हॉट डिप प्रोसेस सिम्युलेटर प्रयोगशाला, अर्बन ओर रीसाइक्लिंग सेंटर तथा मैग्नीशियम धातु उत्पादन एवं आसवन सुविधा का निरीक्षण किया। इस दौरान वैज्ञानिकों ने इन प्रयोगशालाओं में विकसित की जा रही उन्नत तकनीकों, अनुसंधान परियोजनाओं और उद्योगोन्मुख नवाचारों की विस्तार से जानकारी दी।
भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों ने सीएसआईआर-एनएमएल की विश्वस्तरीय अनुसंधान अधोसंरचना, वैज्ञानिक क्षमता तथा औद्योगिक नवाचार और सतत विकास को बढ़ावा देने में संस्थान की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह भ्रमण ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान का प्रभावी माध्यम साबित हुआ और विज्ञान, प्रौद्योगिकी तथा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं को और मजबूत करेगा।


