Campus Boom.
जमशेदपुर। बर्मामाइंस स्थित खालसा उच्च एवं मध्य विद्यालय में 15 अगस्त को भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर विद्यालय परिसर पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
समारोह के मुख्य अतिथि सरदार संतोख सिंह संधु, निदेशक, संधु ट्यूब डिवीजन लिमिटेड ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना करते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठ बनने का संदेश
समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने गिद्दा, आदिवासी नृत्य और देशभक्ति गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। रंगारंग कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को उत्साह और देशभक्ति की भावना से भर दिया। उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सलविंदर सिंह, विद्यालय सचिव सुखपाल सिंह, सह-सचिव सतबीर सिंह सोमू, स्कूल इंस्पेक्टर रविंदर सिंह गिल, जोग सिंह, हरभजन सिंह, सुखदेव सिंह, लखबीर सिंह, गुरमीत सिंह बंटी, जसबीर सिंह, सरबजीत सिंह, जितेंदर सिंह, गुरु दर्शन सिंह, सरताज सिंह सहित गुरुद्वारा प्रबंध समिति के सदस्य, स्त्री सत्संग सभा एवं नौजवान सभा के सदस्य तथा मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह उपस्थित रहे।
समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। पूरे आयोजन में विद्यालय परिवार और उपस्थित अतिथियों का उत्साह देखते ही बना।


