K. Durga Rao. गम्हरिया। स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में गम्हरिया में एक नई पहल की गई है। एसएस कॉम्प्लेक्स के द्वितीय तल पर स्थापित ‘द फिटनेस हब जिम’ का सोमवार को भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के उप महापौर अंकुर सिंह, झामुमो के केंद्रीय सदस्य एवं वरिष्ठ नेता गणेश महाली, वरिष्ठ समाजसेवी संजीव कुमार सिंह, झामुमो युवा नेता सन्नी सिंह, होनी सिंह मुंडा, मुन्ना मंडल, अविनाश सिंह समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने जिम संचालक सोनू रजक को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयास की सराहना की।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जीवनशैली के बीच स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बेहद आवश्यक हो गया है। नियमित व्यायाम और फिटनेस गतिविधियां न केवल शरीर को स्वस्थ रखती हैं, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर आत्मविश्वास और कार्यक्षमता भी बढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त फिटनेस सेंटर की स्थापना युवाओं के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम है।
समारोह के दौरान अतिथियों ने जिम परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक मशीनों और फिटनेस सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र युवाओं को नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रखने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिम संचालक सोनू रजक ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित मार्गदर्शन, आधुनिक उपकरणों और व्यवस्थित प्रशिक्षण व्यवस्था के माध्यम से लोगों को गुणवत्तापूर्ण फिटनेस सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
‘द फिटनेस हब जिम’ के शुभारंभ के साथ गम्हरिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब आधुनिक फिटनेस सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा, जिससे स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


