Campus Boom.
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने 30 अप्रैल को ठीक सुबह 11 बजे ICSE (कक्षा 10वीं) और ISC (कक्षा 12वीं) के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। लगातार दूसरे वर्ष एक ही तिथि और समय पर परिणाम जारी कर बोर्ड ने अपनी सटीकता और विश्वसनीयता को बरकरार रखा है।
इस वर्ष के परिणामों में झारखंड, खासकर कोल्हान क्षेत्र (जमशेदपुर और चाईबासा) के छात्रों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन कर पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। चारों ओर खुशी, गर्व और उत्साह का माहौल है। जमशेदपुर के सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की मेधावी छात्रा शांभवी तिवारी ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नेशनल टॉपर बनी है। नेशनल टॉपर में लगातात दूसरी बार जमशेदपुर का डंका बजा है. वर्ष 2025 में लोयोला स्कूल की छात्रा ने शत प्रतिशत अंक के साथ नेशनल टॉपर बनी थी।
जमशेदपुर की बेटी बनी देश की शान
जमशेदपुर के सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की मेधावी छात्रा शांभवी तिवारी ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नेशनल टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है।
भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान और अंग्रेजी जैसे चुनौतीपूर्ण विषयों में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर उन्होंने न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे झारखंड और कोल्हान क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
यह सपना सच होने जैसा है – शांभवी“नेशनल टॉपर बनना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। मुझे अपनी मेहनत पर विश्वास था, लेकिन 100 प्रतिशत अंक मिलना ईश्वर के आशीर्वाद और माता-पिता के सहयोग का परिणाम है।”
वह आगे बताती हैं कि उनकी माता निभा सिन्हा, जो स्वयं केमिस्ट्री की शिक्षिका हैं, और उनके पिता राकेश रमन, जो ऑल इंडिया रेडियो से जुड़े हैं, हमेशा उनकी प्रेरणा बने रहे।
शांभवी वर्तमान में NEET की तैयारी कर रही हैं और भविष्य में एक कुशल डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना चाहती हैं। वे कहती है “मुझे लगता है कि चिकित्सा क्षेत्र के माध्यम से मैं जरूरतमंद लोगों की सबसे बेहतर मदद कर सकती हूं,” उन्होंने कहा।
कोल्हान का दबदबा, स्टेट टॉपर्स में चमके सितारे
ICSE 10वीं के झारखंड स्टेट टॉपर्स की सूची में भी कोल्हान का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला:
चितेश सरकार – संत जेवियर इंग्लिश स्कूल एंड जूनियर कॉलेज, चाईबासा (99.2%)
वेदांग वत्सल – लोयोला स्कूल, जमशेदपुर (99.2%)
अहान राय – एलएफएस, टेल्को, जमशेदपुर (99.2%)
प्रज्ञा सिंह – जमशेदपुर कॉन्वेंट स्कूल (99.2%)
वहीं धनबाद की अंशिका मोदी (कार्मल स्कूल) और कोशिकी दत्ता (डिनोबिली स्कूल) ने भी 99% अंक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया।
खुशी की लहर, गर्व से झूम उठा कोल्हान
छात्रों की इस अभूतपूर्व सफलता ने पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना दिया है। अभिभावकों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन में गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई है।
कोल्हान के छात्रों ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


