Campus Boom.
लोयोला स्कूल, टेल्को ने अपने शैक्षणिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए पहली बार आयोजित आईसीएसई बोर्ड परीक्षा में 99 प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने शिक्षा जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस वर्ष कुल 109 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 108 छात्र सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए। यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का सामूहिक परिणाम मानी जा रही है।
विद्यालय के टॉपर जिशान सोम ने 95.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। अन्य मेधावी छात्रों में अभिनव पाठक (94.60%), लक्ष्य वर्मा (94%) और अर्णव राज कुंवर (93.80%) शामिल हैं। इन विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धियों से विद्यालय का नाम रोशन किया है।
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी है। प्रबंधन का कहना है कि प्रथम बैच की यह सफलता विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती चरनजीत ओहसन के नेतृत्व की विशेष सराहना की गई। साथ ही उप-प्राचार्या रेशमा रोड्रिग्स, श्रीमती ज़ीनत मारिया सुंडी, फादर जेरी डी’सूजा एवं समर्पित शिक्षकों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया गया।


