Campus Boom.
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नव ज्योति विद्या मंदिर, जगन्नाथपुर (गम्हरिया) में विद्यार्थियों द्वारा अपने गुरुजनों के सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धा और उत्साह से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, कविता, नारे एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि वेदव्यास के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने गुरु महिमा पर आधारित कविताएं, प्रेरक नारे एवं गीत प्रस्तुत किए और मानव जीवन में गुरु के महत्व को रेखांकित किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
विद्यालय की शिक्षिकाओं सुषमा एवं अर्चना ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा से विद्यार्थियों को परिचित कराया।
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव डॉ. संजीव कुमार श्रीवास्तव ने विद्यालय के लिए स्वयं रचित विद्यालय गीत का शुभारंभ किया, जिसे विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का समापन समारोह भी हुआ। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या अनामिका श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करने, प्रतिदिन उनका अभिवादन करने तथा उनके प्रति सदैव कृतज्ञ रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता, विशेषकर माता, जीवन की प्रथम एवं सर्वोच्च गुरु होती हैं। इसलिए हमें उनके प्रति सदैव सम्मान, प्रेम और आभार का भाव रखना चाहिए।
उत्साह, श्रद्धा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से ओतप्रोत इस कार्यक्रम का समापन गुरु वंदना एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।



