Campus Boom.
विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बागबेड़ा में बुधवार को गुरु पूर्णिमा सह सम्मान समारोह श्रद्धा, भक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सचिव अरविंद कुमार सिंह एवं कोषाध्यक्ष विमल कुमार यादव ने महर्षि वेदव्यास, भारत माता और माँ सरस्वती के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य रंजय कुमार राय ने कराया। इस अवसर पर प्राथमिक एवं माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने शिशु सभा, बाल सभा एवं किशोर सभा के अंतर्गत गीत, नृत्य और प्रेरक प्रसंगों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा और गुरु के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
अपने संबोधन में विद्यालय के सचिव अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि गुरु केवल शिक्षा देने वाले नहीं, बल्कि राष्ट्र की भावी पीढ़ी के सच्चे निर्माता और मार्गदर्शक होते हैं। वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण कर उन्हें जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं।
कोषाध्यक्ष विमल कुमार यादव ने कहा कि मनुष्य की प्रथम गुरु उसकी माता होती है। भारतीय संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च स्थान दिया गया है, क्योंकि वही अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के प्रति सम्मान और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के पदाधिकारियों ने विद्यालय के सभी आचार्यों एवं दीदीजी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का सफल संचालन रेणु कुमारी ने किया, जबकि उपेंद्र कुमार पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। अंत में सभी ने सामूहिक रूप से शांति मंत्र का पाठ किया, जिसके साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।



