Campus Boom.
टाटा मोटर्स की ओर से रविवार को टेल्को कॉलोनी स्थित सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंपनी प्रबंधन, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और कॉलोनीवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद पतंजलि योगपीठ से जुड़ी योग शिक्षिका नविता के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। 96 वर्षीय वरिष्ठ योग शिक्षक इंद्रपाल वर्मा ने भी योगाभ्यास कराते हुए विभिन्न आसनों के लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता योग के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आर.के. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि टाटा मोटर्स केवल वाहन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य और बेहतर कार्य वातावरण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम में एचआर हेड प्रणव कुमार, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद, डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव, जीवराज संधु, गुलाम मंडल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि, कमेटी सदस्य और कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मोहित और विवेक ने किया।
इस अवसर पर स्टेडियम परिसर में सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए पर्यावरण संरक्षण विषय पर सीट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


