Campus Boom.
भुवनेश्वर। भीषण गर्मी, 40 डिग्री सेल्सियस तापमान और 70 से 80 प्रतिशत उमस के बावजूद ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के साहिद नगर में लोगों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। रोटरी क्लब ऑफ भुवनेश्वर नीलाद्रि ने साहिद नगर दुर्गा पूजा समिति के सहयोग से रूपाली स्क्वायर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर 50 यूनिट रक्तदान किया।
भीषण मौसम को देखते हुए शुरुआत में आशंका थी कि लोग रक्तदान के लिए कम संख्या में पहुंचेंगे, लेकिन समाजसेवा की भावना ने मौसम की चुनौती को पीछे छोड़ दिया। रोटरी क्लब, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और साहिद नगर दुर्गा पूजा समिति से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कई रक्तदाताओं ने भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लिया।
मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3262 के जिला गवर्नर मनोज कुमार त्रिपाठी तथा सम्मानित अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी अरूप मोहन पटनायक उपस्थित थे। दोनों अतिथियों ने इस पहल को पीड़ित मानवता की सेवा बताते हुए आयोजकों की सराहना की।
मनोज कुमार त्रिपाठी ने कहा कि रोटरी क्लब हमेशा समाज को सेवा और सहयोग का मार्ग दिखाने का कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे आयोजन जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होते हैं और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए।
रक्तदान से नहीं आती कमजोरी
शिविर के समन्वयक डॉ. सत्यजीत दास ने रक्तदान को लेकर लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि निर्धारित अंतराल पर रक्तदान करने से शरीर को कोई नुकसान नहीं होता। इसके विपरीत, इससे रक्त का प्रवाह बेहतर होता है और व्यक्ति स्वस्थ रहता है। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
टीसीएस कर्मियों ने भी दिखाई सामाजिक प्रतिबद्धता
टीसीएस की इंटरएक्टिव यूनिट के वरिष्ठ अधिकारी अविनाश घोष की पहल पर कई सॉफ्टवेयर डेवलपर्स ने भी रक्तदान में हिस्सा लिया। अविनाश घोष ने कहा कि टाटा समूह का मूल मंत्र व्यापार के साथ परोपकार है और मानवता की सेवा के लिए रक्तदान से बड़ा कोई उपहार नहीं हो सकता। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।
कई सामाजिक कार्यकर्ता रहे सक्रिय
शिविर की सफलता में रोटरी क्लब ऑफ भुवनेश्वर नीलाद्रि के अध्यक्ष सुजीत कुमार राउत सहित प्रीतिराज शतपथी, वासुदेव भट्ट, पुण्य श्लोक मोहंती, नकुल सुबुधि, अभिषेक मित्रा, जीतू शतपथी, अभिषेक खेमका और अमर साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रक्तदान शिविर ने यह साबित कर दिया कि यदि समाज सेवा का जज्बा मजबूत हो तो भीषण गर्मी और उमस जैसी चुनौतियां भी लोगों को मानवता की सेवा से नहीं रोक सकतीं।


