Campus Boom.
छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में नर्सरी कक्षा के विद्यार्थियों का प्रथम दिवस विद्यालय आगमन को हर्ष और उत्साह के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर में नन्हे बच्चों का पारंपरिक तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं शिक्षाप्रद गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें उन्होंने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। रंग-बिरंगे खिलौनों और आकर्षक गतिविधियों ने बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को विशेष उपहार दिए गए, जिन्हें पाकर वे अत्यंत प्रसन्न दिखाई दिए।
कार्यक्रम की एक विशेष पहल के अंतर्गत अभिभावकों ने स्टार कार्ड पर अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ लिखीं और उनके सुखद एवं सफल जीवन की कामना की।
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने अपने संदेश में कहा कि, “विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, आनंदमय और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे सीखने की प्रक्रिया को खुशी के साथ अपनाएँ और आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की ओर आगे बढ़ें।”विद्यालय परिवार ने इस अवसर को बच्चों के लिए यादगार बनाने का उत्कृष्ट एवं सफल प्रयास किया, जिससे नन्हे विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय जीवन की शुरुआत आनंद और आत्मविश्वास के साथ की।

