Campus Boom.
जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा आयोजित ‘वेस्ट टू वंडर’ प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव एवं मुख्य अतिथि एलन किम जोसेफ ने किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रचनात्मकता, नवाचार और सतत विकास की भावना को प्रोत्साहित करना था।
‘ट्रांसफॉर्मिंग वेस्ट इंटू वंडर्स’ विषय पर आधारित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अनुपयोगी एवं बेकार वस्तुओं को आकर्षक और उपयोगी कलाकृतियों में बदलकर अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। प्रदर्शनी में कागज, ई-वेस्ट, प्लास्टिक, खाद्य एवं उद्यान अपशिष्ट से तैयार मॉडल, सजावटी वस्तुएं, उपयोगी घरेलू सामग्री, पर्यावरण-अनुकूल हस्तशिल्प, कंपोस्टिंग मॉडल, प्लांटर, वॉल हैंगिंग तथा अन्य अभिनव रचनाएं आकर्षण का केंद्र रहीं।
मुख्य अतिथि एलन किम जोसेफ ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को ‘रिड्यूस, रीयूज़ और रीसायकल’ (3R) के सिद्धांतों को व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के समर्पण और टीम भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करती हैं।
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी को अभिभावकों, शिक्षकों और आगंतुकों का भरपूर सहयोग एवं सराहना मिली। उन्होंने विद्यार्थियों की मौलिक सोच, उत्कृष्ट शिल्पकला और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके संदेश की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आयोजन सभी को स्वच्छ, हरित और सतत भविष्य के निर्माण की दिशा में प्रेरित करने वाला रहा।


