Campus Boom.
शहर के ऐतिहासिक प्रतिष्ठान दी मिलानी में बांग्ला नववर्ष के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोलकाता से आए संगीत शिल्पियों ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सांस्कृतिक आनंद के साथ-साथ समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित करना रहा।
कार्यक्रम में सामाजिक संस्था प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) को उनके निरंतर मानव कल्याणकारी कार्यों के लिए ‘ह्यूमैनिटी फर्स्ट अवार्ड’ (मानव सेवा सम्मान) से सम्मानित किया गया। वहीं, मौसमी भट्टाचार्य को ‘हार्ट ऑफ गोल्ड अवार्ड’ प्रदान किया गया।
प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था द्वारा नियमित रक्तदान एवं एसडीपी रक्तदान अभियान, प्रतिदिन लगभग 200 जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना, सुदूरवर्ती गांवों में शौचालय (इज्जत घर) का निर्माण, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन तथा आदिवासी एवं सबर परिवारों के उत्थान और शिक्षा के लिए कार्य किए जा रहे हैं। “आपका विश्वास ही हमारा संकल्प” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए संस्था ने समाज में एक अलग पहचान बनाई है।
यह सम्मान श्रीलेदर बिष्टुपुर के कर्णधार एवं दी मिलानी के अध्यक्ष, समाजसेवी शेखर डे द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, कुमारेस हाजरा, उत्तम कुमार गोराई, रवि शंकर एवं शुभेंदु मुखर्जी मंच पर उपस्थित रहे।
सम्मान ग्रहण करते हुए अरिजीत सरकार ने इस उपलब्धि को पूरी टीम पीएसएफ को समर्पित किया और दी मिलानी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।


