K. Durga Rao, Campus Boom.
नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह शुक्रवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने वर्ष 2022-25 सत्र के विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के 1600 से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं तथा मेधावी विद्यार्थियों और शोधार्थियों को सम्मानित किया।
समारोह में विभिन्न संकायों के 26 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और 26 विद्यार्थियों को रजत पदक प्रदान किए गए। वहीं 33 शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि दी गई। उपाधि और पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों में भी उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
राज्यपाल के विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि तथा विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, गणेश वंदना, राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को आकर्षक बना दिया।
अपने दीक्षांत संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का संकल्प लेने का महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि भारत के युवा विकसित राष्ट्र के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। विद्यार्थियों से उन्होंने ज्ञान, कौशल, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का आधार बनाने तथा नवाचार, उद्यमिता और अनुसंधान के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान एवं कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी उपाधिधारकों, पदक विजेताओं एवं शोधार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, सक्षम और संवेदनशील नागरिक तैयार करना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर के मानकों के अनुरूप आगे बढ़ रहा है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान, नवाचार, उद्योग-शिक्षा सहयोग तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
दीक्षांत समारोह के दौरान कुलसचिव नागेन्द्र सिंह ने स्नातकों एवं शोधार्थियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम के समापन पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से राज्यपाल को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों और अभिभावकों के साथ स्मृति-चित्र खिंचवाए।
समारोह में कुलसचिव नागेन्द्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोईज़ अशरफ, विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।


