Campus Boom.
जमशेदपुर सोनारी निवासी और कारमेल जूनियर कॉलेज (स्कूल) कक्षा 4 के छात्र शौर्य चंदेल ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सभी को चौंका दिया है। शौर्य ने दावा किया है कि वह महज 18 सेकेंड में एशिया के 48 देशों के नाम बोल सकता है।
रविवार को शौर्य ने अपने स्कूल परिसर में माता-पिता, शिक्षकों और मीडिया की उपस्थिति में इस दावे को प्रस्तुत किया। इस दौरान उसने एक ही सांस में सिर्फ 18 सेकेंड के भीतर एशिया के 48 देशों के नाम गिनाकर उपस्थित लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले 25 सेकेंड में एशिया के 48 देशों के नाम बोलने का रिकॉर्ड पटना की गुनेका साध्या के नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। ऐसे में शौर्य का यह प्रदर्शन नया रिकॉर्ड बनने की संभावना जता रहा है।
देखिए पूरी वीडियो
https://www.facebook.com/share/v/1C4pDFjK77/
शौर्य ने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे उसके पिता मुकेश सिंह की प्रेरणा है। उन्होंने ही शौर्य को इसके लिए प्रेरित किया और लगातार अभ्यास कराया। वहीं उसकी मां कविता सिंह ने भी अभ्यास में पूरा सहयोग दिया।
बैंक अधिकारी मां कविता सिंह का कहना है कि आज के समय में बच्चे सोशल मीडिया और रील्स की दुनिया में ज्यादा समय बिताने लगे हैं। ऐसे में उन्होंने बेटे को रोकने-टोकने के बजाय उसकी रुचि को रचनात्मक दिशा देने का प्रयास किया। शौर्य के माता-पिता चाहते हैं कि उसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो और वह अपने शहर का नाम रोशन करे।
स्कूल के शिक्षकों के अनुसार शौर्य पढ़ाई में भी तेज है और स्कूल की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है। शौर्य का सपना आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है।


